Breaking News

रोहिणी आचार्या का बड़ा ऐलान: राजनीति और परिवार से दूरी, राजद की हार की जिम्मेदारी भी ली

Bolta Sach News
|
Big announcement by Rohini Acharya

बोलता सच : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की पुत्री रोहिणी आचार्या ने शुक्रवार को एक बड़ा बयान देकर राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी। रोहिणी ने सोशल मीडिया पर घोषणा की कि वह राजनीति छोड़ रही हैं और अपने परिवार से भी दूरी बना रही हैं। उन्होंने लिखा— “मैं राजनीति छोड़ रही हूँ और अपने परिवार से भी नाता तोड़ रही हूँ। यह वही बात है जो संजय यादव और रमीज़ ने मुझसे कहने को कहा था। मैं हार की पूरी जिम्मेदारी लेती हूँ।”

तेजस्वी के करीबी संजय यादव पर रोहिणी का निशाना

रोहिणी लंबे समय से तेजस्वी यादव के करीबी और राज्यसभा सांसद संजय यादव की पार्टी में बढ़ती भूमिका से नाराज थीं। 18 सितंबर को भी उन्होंने एक पोस्ट शेयर करते हुए संजय यादव पर अप्रत्यक्ष रूप से कटाक्ष किया था। उन्होंने लिखा था कि वे उन लोगों को पसंद नहीं करतीं, “जो लालू–तेजस्वी की जगह लेने की कोशिश कर रहे हैं।”

शेयर किए गए पोस्ट में स्पष्ट लिखा था—
“फ्रंट सीट सदैव शीर्ष नेतृत्व के लिए होती है। उनकी अनुपस्थिति में भी कोई उस सीट पर नहीं बैठता। यदि कोई खुद को नेतृत्व से भी ऊपर समझ रहा है, तो अलग बात है।”

रोहिणी ने आगे लिखा— “मेरे लिए मेरा आत्म–सम्मान सर्वोपरि है।”

भावनात्मक पोस्ट: पिता को जीवनदान देने का जिक्र

इसके बाद रोहिणी ने अपने पिता लालू यादव को किडनी दान करने से जुड़ा वीडियो भी साझा किया और लिखा—
“जो जान हथेली पर रखकर बड़ी कुर्बानी देने का जज़्बा रखते हैं, उनके खून में बेखौफी और खुद्दारी बहती है।”

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनके मन में किसी भी पद या राजनीतिक महत्वाकांक्षा की कोई इच्छा नहीं है। उन्होंने कहा—
“मैंने एक बेटी और बहन के रूप में अपना कर्तव्य निभाया है और आगे भी निभाती रहूँगी। मेरे लिए आत्म-सम्मान सबसे बड़ा है।”

उनकी इस भावनात्मक पोस्ट पर सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। समर्थकों ने लिखा कि “बिहार एक बेटी की यह कुर्बानी कभी नहीं भूलेगा। आपने अपने पिता को किडनी देकर जो जीवनदान दिया, वह अविस्मरणीय है।”

संजय यादव की सफाई: राजद में कोई मतभेद नहीं

रोहिणी के पोस्ट वायरल होने के बाद राज्यसभा सांसद और तेजस्वी यादव के करीबी संजय यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि रोहिणी के बयान का संदर्भ पार्टी अच्छी तरह समझती है। उन्होंने दावा किया— “पार्टी पूरी तरह एकजुट है। राजद में किसी तरह की गलतफहमी या मतभेद नहीं है।”


इसको भी पढ़ें : बिहार चुनाव में प्रशांत किशोर की पार्टी का खराब प्रदर्शन: मुद्दों की गूंज तेज, लेकिन वोट नहीं मिले

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply