बोलता सच,लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार हर परिवार को छत उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। राजधानी लखनऊ में भी विभिन्न योजनाओं के तहत फ्लैटों का वितरण किया जा रहा है। हाल ही में योगी सरकार ने माफिया मुख्तार अंसारी के कब्जे से खाली कराई गई जमीन पर बने फ्लैटों की चाभी आवंटियों को सौंपी थी। अब इसी क्रम में उन आवंटियों को केवल 25 प्रतिशत राशि जमा कराकर फ्लैट का तत्काल कब्जा दिया जाएगा।
दरअसल, लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने मुख्तार अंसारी से खाली कराई गई जमीन पर बने ईडब्ल्यूएस फ्लैटों को लेकर बड़ा निर्णय लिया है। एलडीए ने डालीबाग स्थित सरदार पटेल आवासीय योजना के सभी 72 फ्लैटों के आवंटियों से कुल कीमत का सिर्फ 25% यानी लगभग ढाई लाख रुपये जमा करने को कहा है। इसके बाद रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कराकर उन्हें फ्लैटों का कब्जा सौंप दिया जाएगा। एलडीए ने आवंटियों से जल्द प्रक्रिया पूरी करने की अपील भी की है। गरीबों को ऋण सुविधा उपलब्ध कराने के लिए लोन मेले का आयोजन भी किया गया था।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 5 नवंबर को डालीबाग में आयोजित कार्यक्रम में सरदार पटेल आवासीय योजना के तहत लॉटरी से चयनित 72 लाभार्थियों को आवंटन पत्र प्रदान किए थे। ये सभी लाभार्थी आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से जुड़े हैं। निर्माण कार्य, पेंटिंग और रजिस्ट्री प्रक्रिया अधूरी होने के कारण अब तक किसी भी आवंटी ने गृह प्रवेश नहीं किया था, लेकिन अब सभी प्रक्रियाएं लगभग पूरी हो चुकी हैं और कब्जा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
डालीबाग की 2314 वर्ग मीटर भूमि पर दिसंबर 2023 में निर्माण कार्य शुरू हुआ था। दो वर्षों में ग्राउंड प्लस थ्री मॉडल पर तीन ब्लॉकों में कुल 72 फ्लैट तैयार किए गए। प्रत्येक फ्लैट का क्षेत्रफल 36.65 वर्ग मीटर है और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के इन फ्लैटों की कीमत 10.70 लाख रुपये तय की गई है। एलडीए ने स्पष्ट किया है कि आवंटियों को केवल 25% राशि जमा करनी होगी, जिसके बाद रजिस्ट्री पूरी करके उन्हें तुरंत नए घर का कब्जा दे दिया जाएगा। यह कदम गरीबों को जल्द आवास उपलब्ध कराने और योजनाओं को तेजी से लागू करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इसको भी पढ़ें : दिसंबर में जन्मे बच्चे भाग्यशाली, समझदार और मजबूत व्यक्तित्व के मालिक माने जाते हैं
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































