Breaking News

दालमंडी चौड़ीकरण के तहत बड़ी कार्रवाई, 21 भवनों पर चला बुलडोजर; विरोध में दुकानदार ने लगाई आग

Bolta Sach News
|
Big under Dal Mandi widening
बोलता सच,वाराणसी : वाराणसी के दालमंडी इलाके में चौड़ीकरण योजना को लेकर सोमवार को प्रशासन ने बड़ी तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू की। संबंधित विभाग की ओर से पहले से चिह्नित किए गए 21 भवनों को ध्वस्त करने की प्रक्रिया भारी पुलिस बल की मौजूदगी में शुरू की गई। कार्रवाई से पहले एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजन त्रिपाठी ने मौके पर तैनात पुलिस फोर्स को ब्रीफ किया और पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।
सुबह से ही चौक थाने के अंतर्गत भारी संख्या में पुलिसकर्मी, पीएसी और अन्य सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए थे। अधिकारियों ने आशंका जताई थी कि कार्रवाई के दौरान स्थानीय दुकानदारों या लोगों की ओर से विरोध हो सकता है, इसी को देखते हुए सुरक्षाकर्मियों को मानसिक रूप से तैयार रहने, बिना सुरक्षा उपकरण के मौके पर न जाने और किसी भी स्थिति से निपटने के निर्देश दिए गए।
तोड़फोड़ की कार्रवाई के बीच उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक दुकानदार ने विरोध स्वरूप अपनी दुकान पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। दुकानदार ने खुद को भी आग के हवाले करने की चेतावनी दी, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। स्थिति को बिगड़ते देख सभी सुरक्षाकर्मी तुरंत अलर्ट हो गए और आसपास मौजूद लोगों को पीछे हटाया गया। घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस अधिकारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को काबू में किया और आग को फैलने से रोका। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दालमंडी चौड़ीकरण योजना के तहत यह कार्रवाई जरूरी है और इसे तय नियमों व सुरक्षा व्यवस्था के बीच अंजाम दिया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि सार्वजनिक हित और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यह कदम उठाया गया है। फिलहाल इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और कार्रवाई जारी है। प्रशासन की ओर से लोगों से शांति बनाए रखने और सहयोग करने की अपील की गई है

इसको भी पढ़ें : देवरिया में प्रेमिका से मिलने पहुंचे प्रेमी को पकड़ा, कराई शादी

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply