बोलता सच,बिहार : बिहार में नई सरकार के गठन और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के गृह मंत्री बनने के बाद से पुलिस लगातार एक्शन में दिखाई दे रही है। इसी क्रम में छपरा में रविवार की सुबह सारण पुलिस, एसटीएफ और कुख्यात अपराधी नंद किशोर राय उर्फ़ शिकारी राय के बीच मुठभेड़ हो गई। कई संगीन मामलों का आरोपी शिकारी राय पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से घायल हुआ। पुलिस ने उसे घटना स्थल से ही पकड़कर एम्बुलेंस द्वारा सदर अस्पताल भेजा, जहां सुरक्षा में उसका इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि रविवार को अज्ञात हथियारबंद अपराधियों ने एक युवक को दौड़ाकर सिर में नजदीक से गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद सारण पुलिस ने मामले की जांच तेज की और CCTV फुटेज के आधार पर मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बिशनपुर इलाके में गठित SIT के साथ छापेमारी की। यहां से शिकारी राय को गिरफ्तार तो कर लिया गया, लेकिन हथियार बरामदगी के दौरान उसने अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह घायल हुआ, जबकि एक ASI भी गोली लगने से घायल होकर अस्पताल में भर्ती किए गए हैं।
सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. कुमार आशीष ने बताया कि रविवार की हत्या के CCTV में नंद किशोर राय की पहचान हुई थी। उसे पकड़ने और हथियार रिकवरी के दौरान उसने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। मुठभेड़ के बाद मौके से दो पिस्टल और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए गए, जबकि आरोपी ने पुलिस पर दो गोलियां चलाई थीं। पूछताछ में शिकारी राय ने रविवार की हत्या में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली है।
शिकारी राय पर हत्या, लूट और रंगदारी जैसे सात गंभीर मामले दर्ज हैं। वह गड़खा थाना क्षेत्र के अख्तियारपुर गांव का निवासी है और जमीन के कारोबार से भी जुड़ा हुआ है। लंबे समय से पुलिस की रडार पर रहे इस अपराधी के नेटवर्क, सहयोगियों और हालिया गतिविधियों की जांच अब और तेज कर दी गई है।
इसको भी पढ़ें : देवरिया :अनोखी शादी जब फावड़ा हुआ बेरोज़गार: मठकोड़वा में जेसीबी ने संभाला मोर्चा
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































