बोलता सच,मऊ। उत्तर प्रदेश के मऊ रेलवे स्टेशन पर मंगलवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई, जब गोरखपुर से मुंबई जा रही काशी एक्सप्रेस ट्रेन को बम से उड़ाने की धमकी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ के साथ भारी सुरक्षा बल स्टेशन पर पहुंच गया और तत्काल सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचते ही सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर स्टेशन परिसर से दूर ले जाया गया। इसी दौरान प्लेटफॉर्म पर एक काले रंग का संदिग्ध बैग मिलने से सनसनी फैल गई। हालात की गंभीरता को देखते हुए शहर कोतवाल अनिल सिंह ने जान जोखिम में डालते हुए उस संदिग्ध बैग को खींचकर स्टेशन परिसर से बाहर किया, जिसके बाद उनकी बहादुरी की सराहना की जा रही है।
मौके पर पहुंची बम निरोधक दस्ते की टीम ने संदिग्ध बैग की गहन जांच की, जिसमें किसी भी तरह का विस्फोटक नहीं मिला। पुलिस, जीआरपी, आरपीएफ और बम स्क्वायड की संयुक्त जांच में बम की सूचना पूरी तरह फर्जी पाई गई।
करीब दो घंटे तक चले सघन चेकिंग अभियान के बाद रेलवे और सुरक्षा एजेंसियों ने ट्रेन को सुरक्षित घोषित किया। इसके बाद काशी एक्सप्रेस को आगे के लिए रवाना कर दिया गया। इस दौरान ट्रेन लगभग दो घंटे तक मऊ रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही।
गौरतलब है कि काशी एक्सप्रेस (15018) रोजाना सुबह गोरखपुर से चलकर लोकमान्य तिलक टर्मिनस तक जाती है। मंगलवार सुबह इंटरनेट के माध्यम से ट्रेन में बम होने की सूचना दी गई थी। एहतियातन ट्रेन के मऊ जंक्शन पर पहुंचने से पहले ही सुरक्षा बलों को अलर्ट कर दिया गया था। घटना के बाद से सोशल मीडिया पर शहर कोतवाल अनिल सिंह की सूझबूझ और साहस की जमकर चर्चा हो रही है।
इसको भी पढ़ें : ईपीएफओ वेतन सीमा पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा निर्देश, केंद्र सरकार को 4 महीने में फैसला लेने को कहा
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































