बोलता सच,सिडनी। इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर माइकल वॉन ऑस्ट्रेलिया के सिडनी स्थित बॉन्डी बीच पर हुई सामूहिक गोलीबारी के दौरान एक रेस्त्रां में फंस गए थे। घटना के बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर जानकारी देते हुए बताया कि वह सुरक्षित अपने घर पहुंच गए हैं।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, बॉन्डी बीच पर दो हथियारबंद हमलावरों ने अंधाधुंध गोलीबारी की, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सिडनी मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, इस घटना में शूटर सहित 12 लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि यह हमला उस समय हुआ जब यहूदी त्योहार हनुक्का के अवसर पर सैकड़ों लोग बॉन्डी बीच पर एकत्रित थे।
माइकल वॉन ने एक्स पर साझा किया अनुभव
माइकल वॉन ने एक्स पर लिखा,
“बॉन्डी के एक रेस्त्रां में फंसे रहना बेहद डरावना अनुभव था। अब सुरक्षित घर पहुंच गया हूं। आपातकालीन सेवाओं और उस व्यक्ति का आभार, जिसने हमलावर का सामना किया। इस घटना से प्रभावित सभी लोगों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।”
वीडियो में दिखा साहसिक पल
घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक स्थानीय व्यक्ति को एक शूटर को काबू में करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में दिखता है कि गोलीबारी के दौरान एक व्यक्ति कार के पीछे छिपा होता है और जैसे ही हमलावर दूसरी दिशा में मुड़ता है, वह पीछे से उसे दबोच लेता है। दोनों के बीच संघर्ष होता है, जिसमें स्थानीय व्यक्ति हमलावर से बंदूक छीनने में सफल हो जाता है।
दो संदिग्ध हिरासत में
न्यू साउथ वेल्स पुलिस ने बयान जारी कर बताया है कि इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है और घटना की जांच जारी है।
एशेज सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया में है इंग्लैंड टीम
गौरतलब है कि इंग्लैंड की क्रिकेट टीम इन दिनों पांच मैचों की एशेज टेस्ट सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया दौरे पर है। मौजूदा समय में ऑस्ट्रेलिया सीरीज में 2-0 से आगे है और दोनों टीमों के बीच तीसरा टेस्ट मैच एडिलेड में खेला जाना है।
इसको भी पढ़ें : मगध एक्सप्रेस के जनरल कोच में धमाका, धुएं से मची भगदड़; यात्री चलती ट्रेन से कूदे
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































