Breaking News

गोंडा में बृज भूषण शरण सिंह का कांग्रेस पर हमला, बोले– आरएसएस पर बैन लगाने की कोशिश पहले भी कर चुकी है कांग्रेस

Bolta Sach News
|
Brij Bhushan Sharan Singh in Gonda
बोलता सच,गोंडा। भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व भाजपा सांसद बृज भूषण शरण सिंह गोंडा मुख्यालय के सर्कुलर रोड स्थित नवनिर्मित चैरिटेबल ब्लड बैंक के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और उसके नेताओं पर तीखा हमला बोला।
बृज भूषण शरण सिंह ने कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने आरएसएस की तुलना अल कायदा से की थी। पूर्व सांसद ने कहा कि कांग्रेस पहले भी इस तरह के आरोप लगाती रही है। उन्होंने कहा कि एक समय कांग्रेस ने आरएसएस पर प्रतिबंध लगाने की कोशिश की थी और बैन भी लगाया था। आज फिर उसी मानसिकता के तहत ऐसे बयान दिए जा रहे हैं।
दिग्विजय सिंह द्वारा आरएसएस की तारीफ और राहुल गांधी द्वारा उन्हें नसीहत दिए जाने के सवाल पर बृज भूषण ने कहा कि दिग्विजय सिंह एक बड़े नेता हैं और राहुल गांधी उनसे भी बड़े नेता हैं। ऐसे में उनके बीच की राजनीति या बयानबाजी पर टिप्पणी करना उनके लिए उचित नहीं है।
ब्राह्मण संगठनों और बैठकों को लेकर पहले उठे विवाद पर उन्होंने कहा कि अब इस मुद्दे पर विराम लगना चाहिए। उन्होंने दोहराया कि इस विषय को राजनीतिक रंग देने की जरूरत नहीं है और इसे आगे बढ़ाने से कोई लाभ नहीं होगा।
दिल्ली और आसपास के इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 के पार पहुंचने के सवाल पर बृज भूषण शरण सिंह ने कहा कि अब केवल बयान देने से काम नहीं चलेगा। इसके लिए किसानों के बीच जाकर उन्हें समझाने की जरूरत है कि पराली जलाने से क्या नुकसान होता है और क्या लाभ। साथ ही, इसके विकल्प के लिए जरूरी उपकरण मुहैया कराए जाने चाहिए। यदि इसके बाद भी कोई नियमों का पालन नहीं करता है तो सख्ती करना जरूरी होगा।
वहीं, कुलदीप सिंह सेंगर को जमानत मिलने और अदालत द्वारा लगाई गई शर्तों के मुद्दे पर बृज भूषण शरण सिंह ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर उनकी ओर से कोई टिप्पणी नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि जो भी निर्णय अदालत ले रही है, उसका सम्मान किया जाना चाहिए और हर व्यक्ति को उसे स्वीकार करना होगा।

इसको भी पढ़ें : सांड़ के हमले से किसान की मौत, खेत से लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply