बोलता सच देवरिया : देवरिया में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शालिनी श्रीवास्तव ने जनपद के विभिन्न स्कूलों का निरीक्षण किया। उन्होंने सबसे पहले जीवन मार्ग सोफिया सेकेंडरी स्कूल का दौरा किया, जहां प्रिसिंपल सिस्टर डेजी ने उन्हें विद्यालय का भ्रमण कराया। भीषण गर्मी के मद्देनजर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए श्रीवास्तव ने सभी कक्षाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों से संवाद भी किया। निरीक्षण में पाया गया कि विद्यालय में अग्निशमन यंत्र मार्च 2028 तक क्रियाशील हैं।
स्कूल में बच्चों के हाथ धुलाई के लिए हैंड वॉश की व्यवस्था की गई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने हैंड वॉश सिंक की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने बच्चों से गर्मी और मानसून में व्यक्तिगत सुरक्षा और स्वच्छता पर भी बातचीत की। निरीक्षण के दौरान सदर विकासखंड के खंड शिक्षा अधिकारी देव मुनि वर्मा भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्काई लाइन पब्लिक स्कूल उमा नगर का भी निरीक्षण किया। वहां कक्षाओं की सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और अग्निशमन यंत्रों की क्रियाशीलता के बारे में प्रधानाध्यापक को आवश्यक निर्देश दिए गए।
सीसी रोड स्थित प्रज्ञा किड्स केयर विद्यालय के निरीक्षण में अग्निशमन सुरक्षा पर्याप्त नहीं पाई गई। प्रधानाध्यापिका को एक सप्ताह में सभी व्यवस्थाएं सही करने का निर्देश दिया गया। सभी गैर सहायता प्राप्त मान्यता प्राप्त विद्यालयों को निर्देश दिया गया है कि वे अपना यू-डायस कोड अपने विद्यालय के नाम के साथ बड़े अक्षरों में लिखें। इसके साथ ही, मान्यता संबंधी अभिलेख अपने कार्यालय में रखें। सभी विद्यालयों को सुरक्षा व्यवस्था, अग्निशमन यंत्र और पेयजल आदि मानकों के अनुसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
इसे भी पढ़े : मासूम बच्ची की बलि की आशंका में नया मोड़: डीएनए जांच के लिए मिट्टी व अवशेष भेजे गए
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































