बोलता सच,हिमाचल : हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ले ली है। रोहतांग, कुंजम दर्रा, शिंकुला दर्रा और बारालाचा दर्रा सहित ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी हुई है, जिससे तापमान में और गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी शिमला, कुल्लू और लाहौल घाटी समेत अन्य क्षेत्रों में सुबह से घने बादल छाए हुए हैं। प्रदेश के 24 स्थानों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। ताबो और कुकुमसेरी में पारा शून्य से नीचे पहुंच गया है, जबकि मंडी जिले में हल्का कोहरा दर्ज किया गया।
घने कोहरे से जनजीवन प्रभावित
बिलासपुर, सिरमौर और मंडी जिलों में घने कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। जलाशयों और निचले इलाकों में सुबह-शाम दृश्यता बेहद कम रहने से सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम गई। कई स्थानों पर वाहन रेंग-रेंगकर चलते नजर आए। मौसम विभाग ने 18 और 19 दिसंबर को जलाशयों से सटे जिलों में सुबह और शाम के समय कोहरा छाए रहने का येलो अलर्ट जारी किया है।
धर्मशाला में टूटा गर्मी का रिकॉर्ड
प्रदेश में बदलते मौसम के बीच धर्मशाला में गर्मी का रिकॉर्ड भी टूट गया। बुधवार को धर्मशाला में अधिकतम तापमान 26.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो दिसंबर महीने का अब तक का सबसे अधिक तापमान है। इससे पहले वर्ष 2010 में 25.4 डिग्री सेल्सियस का रिकॉर्ड दर्ज था।
न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
शिमला 9.8, सुंदरनगर 5.5, भुंतर 5.2, कल्पा 4.0, धर्मशाला 8.8, ऊना 7.2, नाहन 9.0, पालमपुर 7.5, सोलन 6.0, मनाली 6.2, कांगड़ा 8.4, मंडी 6.7, बिलासपुर 6.9, हमीरपुर 6.4, जुब्बड़हट्टी 10.2, कुफरी 10.1, कुकुमसेरी -4.7, नारकंडा 7.1, रिकांगपिओ 7.2, सेऊबाग 5.5, बरठीं 4.9, पांवटा साहिब 9.0, सराहन 5.1, देहरा गोपीपुर 9.0, ताबो -4.3, नेरी 12.3 और बजौरा 5.4।
इन जिलों में बारिश-बर्फबारी की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार जम्मू और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 3.1 किलोमीटर ऊपर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके प्रभाव से 20 और 21 दिसंबर को हिमाचल के मध्य और उच्च पर्वतीय जिलों—चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, किन्नौर और लाहौल-स्पीति—में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। आज भी उच्च पर्वतीय क्षेत्रों के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है। 22 दिसंबर से प्रदेश में मौसम साफ रहने के आसार हैं।
इसको भी पढ़ें : राहुल गांधी के खिलाफ रायबरेली का मामला लखनऊ ट्रांसफर, विशेष अदालत में होगी सुनवाई
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































