Breaking News

यूपी बोर्ड परीक्षा में नकल माफियाओं पर कसेगा शिकंजा, पूर्वांचल में STF की विशेष निगरानी

Bolta Sach News
|
Cheating mafia in UP board exams

बोलता सच,वाराणसी : उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने यूपी बोर्ड परीक्षा के मद्देनजर पूर्वांचल में सक्रिय नकल माफियाओं के सिंडिकेट को तोड़ने की तैयारी शुरू कर दी है। संवेदनशील जिलों में विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है। माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश की ओर से शासन स्तर पर STF की मदद मांगी गई थी। इसके बाद वाराणसी इकाई ने गाजीपुर, बलिया, जौनपुर, आजमगढ़ और मऊ जिलों के परीक्षा केंद्रों को संवेदनशील मानते हुए निगरानी बढ़ा दी है।

सामूहिक नकल और सॉल्वर गैंग पर नजर

एसटीएफ ने उन गिरोहों की कुंडली खंगालनी शुरू कर दी है, जो सामूहिक नकल, पेपर लीक और सॉल्वर के जरिए परीक्षा दिलाने जैसे अवैध कामों में शामिल रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, चिन्हित सॉल्वर गैंग के सदस्यों और पूर्व में पकड़े गए नकल माफियाओं की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

लाखों का खेल, दूसरे राज्यों से आते हैं छात्र

सूत्रों के मुताबिक, कुछ जिलों के परीक्षा केंद्र सामूहिक नकल के लिए कुख्यात रहे हैं। यहां तक कि महाराष्ट्र, बिहार, झारखंड और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों से भी छात्र-छात्राएं परीक्षा देने पूर्वांचल का रुख करते हैं। नकल माफियाओं का दावा होता है कि वे 20 हजार रुपये में हाईस्कूल और 30 हजार रुपये में इंटरमीडिएट परीक्षा पास कराने की ‘गारंटी’ देते हैं। आरोप है कि कुछ केंद्रों पर उड़ाका दल भी प्रभावी ढंग से जांच नहीं कर पाता। एसटीएफ अधिकारियों का कहना है कि इस बार बोर्ड परीक्षा को पारदर्शी और नकलमुक्त कराने के लिए सख्त रणनीति अपनाई जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।


Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply