बोलता सच,लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में विभिन्न जनपदों से आए फरियादियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने प्रार्थना पत्र लेकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए और स्पष्ट कहा कि अवैध कब्जा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भूमाफिया और दबंगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार चल रही है और आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार हर नागरिक की समस्या के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और मामलों का त्वरित व संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
कानून-व्यवस्था सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
जनता दर्शन के दौरान जमीन पर कब्जे, मारपीट और अन्य कानून-व्यवस्था से जुड़े कई मामले सामने आए। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक फरियादी की बात ध्यान से सुनी और अधिकारियों को निर्देश दिए कि कानून और राजस्व से जुड़े प्रकरणों की सुनवाई में किसी भी प्रकार की हीला-हवाली न हो। उन्होंने जनपद, मंडल, रेंज और जोन स्तर के प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों से कहा कि दबंगों और भूमाफिया के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई निरंतर जारी रखें।
इलाज के लिए सरकार दे रही भरपूर आर्थिक सहायता
गंभीर बीमारी से पीड़ित कुछ लोगों ने इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने कहा कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने पीड़ितों को निर्देश दिया कि अस्पताल से इलाज का एस्टिमेट उपलब्ध कराएं, ताकि सरकार तुरंत आर्थिक सहायता प्रदान कर सके।
नौनिहालों पर भी दिखा मुख्यमंत्री का स्नेह
‘जनता दर्शन’ में बच्चों को देखकर मुख्यमंत्री योगी का स्नेह भी झलक उठा। उन्होंने बच्चों को दुलारा-पुचकारा, उनका हालचाल जाना और चॉकलेट दी। साथ ही अभिभावकों से अपील की कि ठंड के मौसम में बच्चों का विशेष ध्यान रखें। मुख्यमंत्री के इस अपनत्वपूर्ण व्यवहार से अभिभावक भावुक नजर आए और उन्होंने आभार व्यक्त किया।
इसको भी पढ़ें : शुभेंदु अधिकारी के काफिले पर कथित हमले का मामला गरमाया, गृह मंत्रालय ने मांगी रिपोर्ट
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































