Breaking News

रक्षा अधिग्रहण परिषद की बड़ी मंजूरी, तीनों सेनाओं के लिए 79 हजार करोड़ के रक्षा खरीद प्रस्तावों को हरी झंडी

Bolta Sach News
|
Chief of the Defence Acquisition Council

बोलता सच,नई दिल्ली : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को आयोजित रक्षा अधिग्रहण परिषद (DAC) की अहम बैठक में तीनों सेनाओं से जुड़े करीब 79 हजार करोड़ रुपये के रक्षा खरीद प्रस्तावों को आवश्यकता की स्वीकृति (AoN) प्रदान की गई। यह बैठक 29 दिसंबर 2025 को हुई, जिसमें सेना की युद्धक क्षमता और सुरक्षा ढांचे को और मजबूत करने से जुड़े महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।

थल सेना के लिए आधुनिक हथियारों की मंजूरी

बैठक में भारतीय सेना के लिए लॉइटर म्यूनिशन सिस्टम, लो लेवल लाइट वेट रडार, पिनाका मल्टीपल लॉन्च रॉकेट सिस्टम के लिए लॉन्ग रेंज गाइडेड रॉकेट और इंटीग्रेटेड ड्रोन डिटेक्शन एंड इंटरडिक्शन सिस्टम मार्क-II की खरीद को मंजूरी दी गई। लॉइटर म्यूनिशन सिस्टम से दुश्मन के सामरिक ठिकानों पर सटीक हमले संभव होंगे। वहीं, लो लेवल रडार कम ऊंचाई पर उड़ने वाले ड्रोन की पहचान और निगरानी में मदद करेंगे। पिनाका के लिए लॉन्ग रेंज गाइडेड रॉकेट से इसकी मारक क्षमता और सटीकता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जबकि उन्नत ड्रोन डिटेक्शन सिस्टम से सेना के महत्वपूर्ण ठिकानों की सुरक्षा और मजबूत होगी।

नौसेना की समुद्री ताकत होगी और सशक्त

भारतीय नौसेना के लिए बोलार्ड पुल टग्स, हाई फ्रीक्वेंसी सॉफ्टवेयर डिफाइंड रेडियो मैनपैक और हाई एल्टीट्यूड लॉन्ग रेंज रिमोटली पायलटेड एयरक्राफ्ट सिस्टम (HALE) को लीज पर लेने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई। बोलार्ड पुल टग्स से नौसैनिक जहाजों और पनडुब्बियों के सुरक्षित संचालन में मदद मिलेगी। हाई फ्रीक्वेंसी रेडियो से लंबी दूरी तक सुरक्षित संचार संभव होगा, जबकि HALE ड्रोन सिस्टम से हिंद महासागर क्षेत्र में लगातार निगरानी और समुद्री गतिविधियों पर बेहतर नजर रखी जा सकेगी।

वायुसेना को मिलेगी तकनीकी बढ़त

भारतीय वायुसेना के लिए ऑटोमैटिक टेक-ऑफ और लैंडिंग रिकॉर्डिंग सिस्टम, अस्त्र Mk-II मिसाइल, तेजस लड़ाकू विमान के लिए फुल मिशन सिम्युलेटर और SPICE-1000 लॉन्ग रेंज गाइडेंस किट की खरीद को मंजूरी दी गई। इन प्रणालियों से उड़ान सुरक्षा बढ़ेगी, पायलटों के प्रशिक्षण में सुधार होगा और वायुसेना की लंबी दूरी तक सटीक हमला करने की क्षमता और अधिक मजबूत होगी।

इन फैसलों को देश की रक्षा तैयारियों को नई ऊंचाई देने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।


इसको भी पढ़ें : आरएसएस-भाजपा की संगठनात्मक ताकत पर दिग्विजय सिंह का समर्थन, शशि थरूर बोले—कांग्रेस को भी संगठन मजबूत करने की जरूरत

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply