Breaking News

लोकसभा में चीन घुसपैठ के मुद्दे पर 64 मिनट का हंगामा, राहुल गांधी के बयान पर सदन तीन बार स्थगित

Bolta Sach News
|
Chinese intrusion in Lok Sabha

बोलता सच,नई दिल्ली : लोकसभा में सोमवार को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच करीब 64 मिनट तक तीखी नोकझोंक और हंगामा देखने को मिला। यह विवाद तब शुरू हुआ जब लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पूर्व सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे की कथित अप्रकाशित पुस्तक का हवाला देते हुए 31 अगस्त 2020 को लद्दाख क्षेत्र में चीनी घुसपैठ का आरोप लगाया।

राहुल गांधी के इस बयान के बाद सत्ता पक्ष ने कड़ा विरोध दर्ज कराया, जिसके चलते लोकसभा की कार्यवाही तीन बार स्थगित करनी पड़ी। अंततः सदन को मंगलवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।


कैसे शुरू हुआ विवाद

दोपहर 1:24 बजे राहुल गांधी ने चर्चा के दौरान दावा किया कि डोकलाम और कैलाश रिज क्षेत्र में चीनी सेना चार टैंकों के साथ भारतीय सीमा में आगे बढ़ी थी। उन्होंने कहा कि यह जानकारी पूर्व सेना प्रमुख की एक किताब और एक पत्रिका में प्रकाशित अंशों पर आधारित है।

राहुल गांधी के इस दावे पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तत्काल खड़े हुए और कहा कि जिस पुस्तक का हवाला दिया जा रहा है, वह कभी प्रकाशित ही नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष सदन और देश को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।


रक्षा मंत्री, गृह मंत्री और स्पीकर का विरोध

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि अगर तथ्य सही होते, तो वह पुस्तक प्रकाशित होती। उन्होंने राहुल गांधी के आरोपों को काल्पनिक बताते हुए कहा कि इससे सेना के मनोबल पर सवाल खड़े होते हैं।

गृह मंत्री अमित शाह ने भी हस्तक्षेप करते हुए कहा कि संसद में अप्रकाशित पुस्तकों या पत्रिकाओं के आधार पर आरोप नहीं लगाए जा सकते और सदन की मर्यादा का पालन किया जाना चाहिए।

इस बीच, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कई बार नियमों का हवाला देते हुए राहुल गांधी को नियम 349(1) के तहत चेतावनी दी और कहा कि सदन में केवल प्रमाणित और आधिकारिक दस्तावेज़ ही उद्धृत किए जा सकते हैं।


राहुल गांधी का पलटवार

राहुल गांधी ने कहा, “मुझे बोलने तो दीजिए” और आरोप लगाया कि सरकार किताब की बात सामने आने से डर रही है। उन्होंने दावा किया कि सरकार चीन से जुड़े तथ्यों को छिपा रही है।
उन्होंने कहा कि वह आसन की अवमानना नहीं कर रहे, बल्कि चीन के साथ भारत के रिश्तों पर सवाल उठा रहे हैं।


कार्यवाही तीन बार स्थगित

  • 2:09 बजे: लोकसभा की कार्यवाही 3 बजे तक स्थगित

  • 3:09 बजे: फिर 4 बजे तक स्थगन

  • 4:10 बजे: कार्यवाही मंगलवार सुबह 11 बजे तक स्थगित


संसदीय कार्य मंत्री का बयान

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी पर राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर गैर-जिम्मेदाराना बयान देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बिना स्रोत वाली बातों से सेना का मनोबल गिरता है और इससे भारत विरोधी ताकतों को बल मिलता है।

रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी ने स्पीकर की व्यवस्था की अवहेलना कर बार-बार वही मुद्दा उठाया, जिससे सदन का कीमती समय बर्बाद हुआ।


प्रधानमंत्री भी रहे मौजूद

इस पूरे घटनाक्रम के दौरान सदन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद थे, हालांकि उन्होंने इस मुद्दे पर कोई बयान नहीं दिया।


इसको भी पढ़ें : देवरिया में हैरान करने वाला मामला: मोमोज के लालच में नाबालिग ने घर से चोरी कर दे दिए 85 लाख के जेवर

Join WhatsApp

Join Now

1 thought on “लोकसभा में चीन घुसपैठ के मुद्दे पर 64 मिनट का हंगामा, राहुल गांधी के बयान पर सदन तीन बार स्थगित”

Leave a Reply