EngineAI की शुरुआत वर्ष 2023 में हुई थी। कंपनी के पास उस समय महज 10 से 20 लाख युआन (करीब 1.4 लाख डॉलर) की शुरुआती पूंजी थी। इसके बावजूद सीईओ झाओ तोंगयांग और उनकी टीम ने मिलकर T800 नाम का ताकतवर रोबोट विकसित किया। यह रोबोट ‘ब्रूस ली’ की तरह घूमकर राउंडहाउस किक मार सकता है, जिस वजह से इसे अब ‘ब्रूस ली रोबोट’ कहा जा रहा है। इसकी ताकत एक छोटी कार के बराबर बताई जा रही है।
टेस्ला ऑप्टिमस से तुलना
दूसरी ओर, टेस्ला का ऑप्टिमस रोबोट हाल ही में कुछ कदम दौड़ने का वीडियो जारी कर चर्चा में आया था। कंपनी ने इसे ऑप्टिमस का नया रिकॉर्ड बताया, लेकिन चीन में इसे लेकर मजाक उड़ाया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, चीन की कई रोबोटिक्स कंपनियां पहले ही दौड़ने, नाचने और मार्शल आर्ट्स करने वाले रोबोट बना चुकी हैं, जबकि EngineAI का T800 किक तक मारने में सक्षम है।
मस्क के रोबोट पर उठे सवाल
मियामी में हुए एक लाइव शो के दौरान टेस्ला का ऑप्टिमस रोबोट पानी की बोतल देने की कोशिश में पीछे गिर गया। गिरते समय उसके हाथ सिर की ओर गए, जिससे ऐसा लगा मानो कोई इंसान वीआर हेडसेट उतार रहा हो। इसके बाद सोशल मीडिया पर यह चर्चा तेज हो गई कि कहीं रोबोट को दूर से कोई इंसान कंट्रोल तो नहीं कर रहा। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने एलन मस्क का जमकर मजाक उड़ाया।
एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, “मस्क कहते हैं ऑप्टिमस की कीमत 20 हजार डॉलर होगी, तो क्या रिमोट से कंट्रोल करने वाला ऑपरेटर अलग से मिलेगा?” इस घटना ने टेस्ला के पूरी तरह ऑटोनॉमस रोबोट के दावे पर सवाल खड़े कर दिए।
कम बजट, बड़ी कामयाबी
EngineAI Robotics ने बेहद सीमित संसाधनों के साथ शुरुआत की थी। कंपनी ने शुरुआती दौर में केवल जूनियर इंजीनियरों को ही हायर किया, लेकिन इसके बावजूद हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर दोनों खुद तैयार किए। जब टेस्ला का ऑप्टिमस दुनिया भर में चर्चा में था, तब EngineAI ने तेजी से तरक्की करते हुए उसे कड़ी चुनौती दे दी।
कीमत में भी आगे
EngineAI ने 2024 में अपना पहला रोबोट SA01 लॉन्च किया, जिसकी कीमत मात्र 38,500 युआन (करीब 4.95 लाख रुपये) रखी गई। कम कीमत की वजह चीन के पर्ल रिवर डेल्टा क्षेत्र की मजबूत सप्लाई चेन रही, जहां फैक्ट्रियों से सीधे पार्ट्स लेकर लागत घटाई गई।
अब दिसंबर में कंपनी ने नया और ज्यादा एडवांस रोबोट T800 लॉन्च किया है, जिसकी शुरुआती कीमत 1,80,000 युआन यानी करीब 23 लाख रुपये है। कम कीमत और दमदार क्षमता के चलते EngineAI का यह रोबोट वैश्विक रोबोटिक्स बाजार में टेस्ला के लिए बड़ी चुनौती बनता नजर आ रहा है।
1 thought on “चीनी स्टार्टअप का ‘ब्रूस ली रोबोट’ बना एलन मस्क के लिए चुनौती”