बोलता सच ,गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से सीधे मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि नागरिकों के जीवन में खुशहाली लाना सरकार का संकल्प है, इसलिए हर जनसमस्या का निस्तारण प्राथमिकता पर किया जाए।
जनता से सीधे संवाद
जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी ने करीब 200 लोगों से आमने-सामने मुलाकात की। मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक वह स्वयं पहुंचे। हर व्यक्ति से उनकी समस्याओं के बारे में विस्तार से पूछा और उनके प्रार्थना पत्रों को मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए त्वरित एवं संतोषजनक निस्तारण का आदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार हर पीड़ित की समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी नागरिक के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
अवैध कब्जों और उत्पीड़न पर सख्त निर्देश
सीएम योगी ने अधिकारियों को हिदायत दी कि किसी भी नागरिक की जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों या कमजोरों को बेदखल करने वालों को किसी कीमत पर बख्शा न जाए। ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि यदि कोई मामला पारिवारिक विवाद का है, तो संबंधित पक्षों को बैठाकर आपसी संवाद से समाधान कराया जाए।
राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों में मुख्यमंत्री ने पारदर्शिता और निष्पक्षता पर जोर देते हुए कहा कि हर पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
योजनाओं का लाभ सबको मिले
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग किन्हीं कारणों से अब तक सरकार की योजनाओं का लाभ नहीं ले पाए हैं, उन्हें प्राथमिकता पर लाभ दिलाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचे।
इलाज के लिए सहायता का आश्वासन
जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार इलाज में हर संभव सहयोग करेगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ऐसे मामलों में जल्द से जल्द लागत का आकलन कर शासन को उपलब्ध कराया जाए ताकि पीड़ितों को तत्काल राहत मिल सके।
बच्चों को दिया आशीर्वाद
जनता दर्शन के दौरान कुछ महिलाएं अपने बच्चों को लेकर भी पहुंचीं। मुख्यमंत्री योगी ने इन बच्चों से आत्मीय संवाद किया, उन्हें खूब पढ़ाई करने की प्रेरणा दी और चॉकलेट भेंट कर आशीर्वाद दिया। बच्चों और अभिभावकों के चेहरों पर मुख्यमंत्री के इस व्यवहार से खुशी झलक रही थी।
इस खबर को भी पढ़ें : तरकुलवा : दशहरा मेला देखकर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, गांव में मातम
➤ You May Also Like



























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































