Breaking News

हिजाब विवाद में सीएम नीतीश कुमार को पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी की धमकी, जांच में जुटीं एजेंसियां

Bolta Sach News
|
CM Nitish Kumar in Hijab controversy
बोलता सच,पटना/नई दिल्ली : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को हिजाब से जुड़े एक मामले को लेकर पाकिस्तान के कुख्यात आतंकी शहजाद भट्टी ने धमकी दी है। भट्टी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी कर मुख्यमंत्री से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। धमकी सामने आने के बाद बिहार पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
वीडियो संदेश में शहजाद भट्टी ने कहा कि बिहार में हाल ही में जो घटना हुई, उसे सभी ने देखा है। उसने आरोप लगाया कि एक संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति ने एक मुस्लिम महिला के साथ गलत व्यवहार किया। भट्टी ने कहा कि मुख्यमंत्री के पास अभी समय है कि वह संबंधित महिला से माफी मांग लें, अन्यथा इसके गंभीर परिणाम होंगे। उसने यह भी कहा कि अगर माफी नहीं मांगी जाती है तो संबंधित संस्थाओं को कार्रवाई करनी चाहिए और बाद में यह न कहा जाए कि चेतावनी नहीं दी गई थी।

क्या है पूरा मामला

दरअसल, 15 दिसंबर को मुख्यमंत्री सचिवालय ‘संवाद’ में आयुष डॉक्टरों के लिए एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करीब एक हजार नव-नियुक्त आयुष डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र सौंप रहे थे। इसी दौरान एक महिला डॉक्टर को नियुक्ति पत्र देते समय मुख्यमंत्री द्वारा उसके हिजाब को हटाने की कोशिश किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो वायरल होने के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई। विपक्षी दलों ने मुख्यमंत्री पर तीखा हमला बोला, वहीं कई मुस्लिम संगठनों ने भी इस घटना की निंदा की। मामला राजनीतिक और सामाजिक बहस का विषय बन गया।

कौन है शहजाद भट्टी

शहजाद भट्टी पाकिस्तान का कुख्यात अपराधी है, जो गैंगस्टर से आतंकी बनने के लिए जाना जाता है। वह हवाला कारोबार, सुपारी किलिंग, हथियार तस्करी और सोशल मीडिया के जरिए डर फैलाने के मामलों में सक्रिय रहा है। बताया जाता है कि आईएसआई के समर्थन के बाद उसने भारत विरोधी गतिविधियों को और तेज किया।
बलूचिस्तान का रहने वाला शहजाद भट्टी पहले पाकिस्तानी गैंगस्टर फारुख खोखर गिरोह से जुड़ा था और दाऊद इब्राहिम की तर्ज पर एक बड़ा नेटवर्क खड़ा करना चाहता था। भारत के कुछ कुख्यात गैंगस्टरों से भी उसके संबंध बताए जाते हैं। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक वह लगातार भारत के खिलाफ नफरत और आतंक फैलाने की कोशिश करता रहा है।
फिलहाल, मुख्यमंत्री को मिली धमकी को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं और सोशल मीडिया पर जारी वीडियो संदेश की सत्यता व पृष्ठभूमि खंगाली जा रही है।

इसको भी पढ़ें : देवरिया: एसेंट एकेडमी ऑफ साइंसेज में जागरूकता कार्यक्रम, सड़क सुरक्षा, मिशन शक्ति और साइबर अपराधों पर दिया गया संदेश

Join WhatsApp

Join Now

1 thought on “हिजाब विवाद में सीएम नीतीश कुमार को पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी की धमकी, जांच में जुटीं एजेंसियां”

Leave a Reply