Breaking News

कोडीन कफ सिरप तस्करी मामले में सोनभद्र पुलिस का बड़ा एक्शन, भोला प्रसाद की 5.77 करोड़ की और संपत्ति कुर्क

Bolta Sach News
|
Codeine cough syrup smuggling case

बोलता सच,सोनभद्र : कोडीन युक्त कफ सिरप की तस्करी में संलिप्त भोला प्रसाद जायसवाल के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। पहले ही 28.50 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति जब्त किए जाने के बाद अब सोनभद्र पुलिस ने करीब 5.77 करोड़ रुपये की अतिरिक्त संपत्ति कुर्क कर ली है। इसके साथ ही अब तक आरोपी की कुल 34.27 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति जब्त की जा चुकी है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। थाना रॉबर्ट्सगंज में दर्ज एफआईआर के आधार पर प्रहलाद घाट के कायस्थ टोला निवासी भोला प्रसाद जायसवाल के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

न्यायालय के आदेश के अनुपालन में 23 जनवरी को पहले चरण में 28.50 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्तियां जब्त की गई थीं। इसके बाद धारा 68-एफ एनडीपीएस एक्ट के तहत वाराणसी जनपद में अभियुक्त और उसके परिजनों के नाम दर्ज संपत्तियों पर कुर्की की कार्रवाई की गई।

इन स्थानों पर हुई कुर्की

शनिवार को पुलिस ने मड़ौली, भरलाई और जगदीशपुर क्षेत्र में स्थित कुल सात अचल संपत्तियों को कुर्क किया, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 4.55 करोड़ रुपये है। इसके अलावा चार लग्जरी व अन्य वाहन भी जब्त किए गए, जिनकी कीमत लगभग 51 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने बैंक खातों में जमा 70.99 लाख रुपये की राशि भी अभिग्रहित की है। इस तरह कुल 5.77 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की गई।

कुर्क किए गए वाहनों में फॉर्च्यूनर लेजेंडर, हुंडई आई-20, एक्टिवा और वेस्पा स्कूटर शामिल हैं। अकेले फॉर्च्यूनर वाहन की कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है। कुर्की की इस कार्रवाई में एसआईटी निरीक्षक प्रणय प्रसून श्रीवास्तव, थानाध्यक्ष हाथीनाला नागेश सिंह, चौकी प्रभारी डाला घनश्याम तिवारी सहित पुलिस की विशेष टीम शामिल रही।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने स्पष्ट कहा कि नशीली दवाओं की तस्करी और उससे अर्जित अवैध संपत्तियों के खिलाफ कठोर और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।


इसको भी पढ़ें : बाराबंकी में VIP रौब पड़ा भारी, बीजेपी झंडा और हूटर लगी ब्लैक थार का ₹10 हजार का चालान

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply