Breaking News

उत्तर प्रदेश में ठंड बढ़ी, तराई क्षेत्र में घने कोहरे का अलर्ट जारी

Bolta Sach News
|
Cold increases in Uttar Pradesh
बोलता सच,लखनऊ: उत्तर प्रदेश में दिसंबर की शुरुआत के साथ ही ठंड ने रफ्तार पकड़ ली है। रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जबकि पछुआ हवाओं के कारण पूरे प्रदेश में ठिठुरन बढ़ गई है। उधर, तराई क्षेत्रों में सुबह घना कोहरा पड़ना शुरू हो गया है, जिसको देखते हुए मौसम विभाग ने तीन दिनों के लिए घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है।
10 दिसंबर को प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। सुबह के समय छिछला से मध्यम कोहरा छा सकता है, जबकि पूर्वी यूपी के तराई क्षेत्रों में कहीं-कहीं घने कोहरे की संभावना जताई गई है। इसी तरह 11 और 12 दिसंबर को भी सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है।
13, 14 और 15 दिसंबर को भी मौसम शुष्क रहेगा। इन दिनों में कोहरा तो रहेगा, लेकिन घने कोहरे की संभावना कम है। न्यूनतम तापमान की बात करें तो बरेली में सबसे कम 6.8℃ दर्ज किया गया है। अयोध्या में 7℃, इटावा और फुरसतगंज में 7.4℃, बाराबंकी में 8℃ और लखनऊ में 9.8℃ न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड हुआ। लखनऊ का अधिकतम तापमान 25.8℃ दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में कानपुर, लखनऊ, आगरा और प्रयागराज में घना कोहरा छाने की संभावना है। ऐसे में सुबह यात्रा करने वालों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। पछुआ हवाओं के चलते रात के तापमान में 2 डिग्री तक और गिरावट संभव है। विभाग का कहना है कि रातें और ज्यादा सर्द होंगी, जबकि दिन में धूप निकलने से हल्की राहत मिल सकती है।
हाल ही में सक्रिय रहे दो पश्चिमी विक्षोभों के कारण प्रदेश के कई जिलों में बादल छाए रहे, लेकिन बुधवार से इनका प्रभाव कम होने लगेगा और धूप तेज दिखाई देगी। हालांकि, तराई क्षेत्रों में सुबह के समय धुंध और कोहरे का असर बना रहेगा।

इसको भी पढ़ें : लखनऊ में देवरिया जिले के इंजीनियर सूर्यप्रताप की चाकू से हत्या, इलाके में सनसनी

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply