बोलता सच,नई दिल्ली: कांग्रेस ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा पाकिस्तानी सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर की बार-बार प्रशंसा को लेकर चिंता जताई है। पार्टी का कहना है कि अमेरिका और पाकिस्तान के बीच बढ़ती मित्रता भारत के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा के दृष्टिकोण से गंभीर मुद्दा है, लेकिन इस पर मोदी सरकार की चुप्पी चिंताजनक है।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि मुनीर को ट्रंप ने हाल के महीनों में कई बार सराहा है और उन्होंने दावा किया कि मई 2025 में भारत-पाकिस्तान के बीच सैन्य टकराव को रोकने में उनकी भूमिका रही। जयराम रमेश ने ‘X’ पर लिखा कि मुनीर के प्रति ट्रंप का आकर्षण लगातार बना हुआ है, जबकि मुनीर की भड़काऊ और सांप्रदायिक टिप्पणियों ने 22 अप्रैल, 2025 को पहलगाम में पाकिस्तानी आतंकवादी हमले की जमीन तैयार की थी।
रमेश ने कहा कि ट्रंप ने मुनीर को जून, अक्टूबर और दिसंबर 2025 में विभिन्न अवसरों पर व्हाइट हाउस में सम्मानित किया। उन्होंने बताया कि इस तरह की तारीफ पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्लीन चिट देने जैसा है, जबकि सच्चाई यह है कि मुनीर ने पहलगाम हमले में सक्रिय भूमिका निभाई।
कांग्रेस नेता ने मोदी सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि वर्ष 2008 के मुंबई हमले के बाद पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेनकाब और बदनाम किया गया था, लेकिन अब वही पाकिस्तान और उसके शीर्ष सैन्य अधिकारी सराहना पा रहे हैं, जो भारत के लिए चिंता का विषय है।
इसको भी पढ़ें : नीतीश-पीएम मोदी मुलाकात के बाद बिहार में ‘खेला’ की अटकलें, RJD का दावा– सीएम पद छोड़ने का दबाव बना रही BJP
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































