बोलता सच,नई दिल्ली: कांग्रेस ने बुधवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के उस बयान पर तीखा पलटवार किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि पंडित जवाहरलाल नेहरू सार्वजनिक धन से “बाबरी मस्जिद” बनवाना चाहते थे, लेकिन सरदार वल्लभभाई पटेल ने ऐसा नहीं होने दिया। कांग्रेस ने इस टिप्पणी को लेकर राजनाथ सिंह पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरह राजनीति नहीं करनी चाहिए।
‘सबूत है तो पेश करें’
इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने पत्रकारों से पूछा, “रक्षा मंत्री जी, आप तो ऐसे नहीं थे… बाकियों की बातें समझ में आती हैं, लेकिन आपके पास इसका क्या सबूत है?”
खेड़ा ने दावा किया कि उनके पास प्रमाण है कि दिल्ली में आरएसएस कार्यालय की पार्किंग बनाने के लिए सैकड़ों वर्ष पुराना मंदिर तोड़ा गया था।
‘मोदी की राह पर चलकर भाजपा को नुकसान’
पवन खेड़ा ने कहा कि बाबरी मस्जिद सैकड़ों वर्ष पहले बनी थी, जबकि नेहरू जी का जन्म बाद में हुआ और सरदार पटेल की मृत्यु 1950 में हो गई थी। उन्होंने तंज कसते हुए पूछा, “क्या नेहरू जी ने मस्जिद बनवाई?”
खेड़ा ने कहा कि राजनाथ सिंह को मोदी के रास्ते पर चलते हुए भाजपा को नुकसान नहीं पहुँचाना चाहिए। उन्होंने कहा, “मोदी जी जाते-जाते भाजपा को भारी नुकसान देकर जाएंगे। अगर सब लोग उन्हीं के रास्ते पर चलेंगे तो घाटा भाजपा का ही होगा। हमें इससे कोई समस्या नहीं है।”
इसको भी पढ़ें : बघौचघाट: यूनियन बैंक एटीएम पर व्यवसायी से ₹5,000 की धोखाधड़ी, सीसीटीवी में कैद हुआ आरोपी
➤ You May Also Like





















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































