बोलता सच,गुजरात : गुजरात के सूरत शहर के लालगेट इलाके में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक अपार्टमेंट के अंदर शादीशुदा जोड़े और उनके 13 साल के बेटे के शव मिले। पुलिस को आशंका है कि तीनों की मौत गैस लीक के कारण दम घुटने से हुई है।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राघव जैन ने बताया कि मृतकों की पहचान फैज अहमद (45), उनकी पत्नी मुबीना (36) और बेटे नोमान (13) के रूप में हुई है। तीनों के शव सुबह करीब 11:30 बजे अपार्टमेंट से बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, जब टीम मौके पर पहुंची तो अपार्टमेंट के सभी दरवाजे और खिड़कियां बंद थीं और मुख्य दरवाजा अंदर से लॉक था। डीसीपी जैन ने बताया कि तीनों के मुंह से झाग निकल रहा था। घर के कॉमन एरिया में एयर कंडीशनर और गीजर लगे हुए थे। पुलिसकर्मियों को भी अंदर प्रवेश करने पर दम घुटने जैसा महसूस हुआ।
पुलिस ने फॉरेंसिक विशेषज्ञों से संपर्क किया है, जिनका प्राथमिक तौर पर मानना है कि मौत की वजह दम घुटना हो सकती है। फूड पॉइजनिंग की संभावना को बेहद कम बताया गया है। मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए ब्लड सैंपल और अन्य जरूरी सबूत जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की गहन जांच कर रही है।
इसको भी पढ़ें : यूजीसी एक्ट यूपी चुनाव साधने की साजिश, जरूरत पड़ी तो दिल्ली कूच करूंगा: अलंकार अग्निहोत्री
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































