बोलता सच/लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में INDIA गठबंधन जिन सीटों पर जीता है, वहां विशेष मतदाता पुनरीक्षण (SIR) के नाम पर 50-50 हजार वोट हटाने की साजिश चल रही है। अखिलेश ने यह भी आरोप लगाया कि इस कथित कार्रवाई में आयोग के कुछ अधिकारियों की मिलीभगत है।
BLO पर सहयोग न करने का आरोप
अखिलेश यादव ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से लगातार चिंताजनक जानकारियाँ मिल रही हैं। कई इलाकों में BLO अपने कर्तव्यों से बचते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि “सुबह ही एक विधायक का फोन आया जिसमें कहा गया कि उनके क्षेत्र में BLO सहयोग नहीं कर रहे। वे एक जगह बैठ जाते हैं और कहते हैं कि गलतियां निकालकर बताएंगे।”
सपा प्रमुख का कहना है कि असलियत में वोटर लिस्ट सुधार प्रक्रिया में भारी मनमानी की जा रही है, और यह सब राजनीतिक दबाव में किया जा रहा है।
UP और बंगाल पर खास फोकस
अखिलेश के अनुसार, 2024 में हार के बाद BJP और चुनाव आयोग का सबसे अधिक फोकस उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल पर है। उन्होंने कहा कि चुनाव जल्द तमिलनाडु जैसे राज्यों में भी होने हैं, लेकिन बीजेपी की विशेष नजर यूपी और बंगाल पर है, क्योंकि INDIA गठबंधन ने इन क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन किया था।
सपा प्रमुख का आरोप है कि इन सीटों पर मतदाता सूची से बड़े पैमाने पर नाम हटाने की रणनीति पहले से तैयार है।
“2022 में भी जानबूझकर काटे थे वोट”
अखिलेश यादव ने याद दिलाया कि 2022 के विधानसभा चुनाव में भी सपा समर्थक मतदाताओं के नाम जानबूझकर हटाए गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि रामपुर लोकसभा उपचुनाव में भी कई मतदाताओं के नाम डिलीट किए गए, जिसकी शिकायत पार्टी ने चुनाव आयोग से की थी, लेकिन “किसी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।”
उन्होंने कहा कि पार्टी ने उस समय आयोग को ऐसी लंबी सूची दी थी जिसमें ऐसे लोगों के नाम शामिल थे जो 2022 से पहले वोटर थे, लेकिन चुनाव के ठीक पहले लिस्ट से हटा दिए गए।
अखिलेश के मुताबिक, “बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम एक सुनियोजित तरीके से हटाए गए थे। अब वही खेल SIR के नाम पर फिर शुरू हो चुका है। 2024 में जहाँ सपा या INDIA गठबंधन ने जीत दर्ज की, वहाँ 50 हजार से ज्यादा वोट काटने की तैयारी है।”
कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने का निर्देश
अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे समय रहते अपनी-अपनी विधानसभा क्षेत्रों की वोटर लिस्ट की जांच करें। उन्होंने कहा कि BLO से मिलकर सही नाम जुड़वाएँ और यदि किसी प्रकार की गड़बड़ी दिखे तो तुरंत पार्टी कार्यालय को सूचित करें।
सपा अध्यक्ष का आरोप है कि “BJP, प्रशासन और चुनाव आयोग मिलकर लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।”
उन्होंने स्पष्ट कहा कि मतदाता सूची से नाम हटाकर चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। अखिलेश ने यह भी कहा कि सपा इस मुद्दे पर सड़क से लेकर संवैधानिक संस्थाओं तक हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
इसको भी पढ़ें : नीतीश सरकार में विभागों का बंटवारा: जानें नए मंत्रिमंडल में किसे क्या मिला?
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































