Breaking News

देवरिया में 53.55 लाख की साइबर ठगी का खुलासा: दिल्ली क्राइम ब्रांच की दबिश, दो आरोपी फरार, मकानों पर कुर्की नोटिस चस्पा

Bolta Sach News
|
Cyber ​​fraud of Rs 53.55 lakh in Deoria

बोलता सच,देवरिया : गोरखपुर-देवरिया सीमा के हड़हा गांव में शुक्रवार देर रात दिल्ली क्राइम ब्रांच की साइबर टीम की अचानक दबिश से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। टीम साइबर फ्रॉड के आरोपियों आदित्य सिंह और अभिषेक सिंह की तलाश में गांव पहुंची थी। दोनों फरार मिले, जिसके बाद पुलिस ने उनके घरों पर कुर्की नोटिस चस्पा कर कार्रवाई आगे बढ़ाई। इस अभियान में देवरिया के एकौना थाना पुलिस ने भी सहयोग किया।

दिल्ली में 74 वर्षीय महिला से 53.55 लाख की ठगी

यह मामला जनवरी 2025 का है, जब दिल्ली निवासी 74 वर्षीय सुधा कुमारी को एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉलर ने खुद को हैदराबाद साइबर क्राइम विभाग का अधिकारी बताते हुए महिला को गंभीर आपराधिक मामलों—ड्रग तस्करी, हथियार सप्लाई और फर्जी बैंक खातों—में फंसाने की धमकी दी।

डराकर ठगों ने महिला को व्हाट्सएप कॉल पर पांच दिन तक हिरासत जैसी स्थिति में रखा और किसी से बात करने नहीं दिया। इसी दौरान उन्होंने महिला से बैंक विवरण लेकर 53.55 लाख रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करा लिए। छठे दिन महिला को शक हुआ और जब वह बैंक गईं तो पता चला कि वह बड़े साइबर फ्रॉड का शिकार हो चुकी हैं।

देवरिया का लिंक सामने आया

दिल्ली पुलिस ने मुख्य आरोपियों विपिन कुमार और चंदन कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि ठगी की रकम का एक बड़ा हिस्सा देवरिया के हड़हा गांव के आदित्य सिंह और अभिषेक सिंह के खातों में गया था। दोनों युवक नेटवर्क में सक्रिय भूमिका निभाते थे और पैसे को आगे अन्य खातों में भेजते थे।

रात में सर्च ऑपरेशन, इलाके में सनसनी

दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम स्थानीय पुलिस के साथ हड़हा गांव पहुंची और देर रात तलाशी अभियान चलाया। ग्रामीणों के अनुसार, भारी पुलिस बल की मौजूदगी से गांव में सनसनी फैल गई। घरों में दबिश देने के बावजूद दोनों युवक नहीं मिले, जिसके बाद पुलिस ने उनके मकानों पर कुर्की नोटिस चस्पा कर दिया।

एकौना पुलिस की पुष्टि

एकौना थाना प्रभारी अजय कुमार पांडेय ने बताया कि दिल्ली क्राइम ब्रांच के साथ संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन चलाया गया। उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए स्थानीय स्तर पर प्रयास तेज कर दिए गए हैं और ट्रांजैक्शनों की जांच की जा रही है, ताकि ठगी राशि की रिकवरी सुनिश्चित की जा सके।


इसको भी पढ़ें : देवरिया : 15 महीने बाद हत्याकांड का खुलासा,लार पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

Join WhatsApp

Join Now

2 thoughts on “देवरिया में 53.55 लाख की साइबर ठगी का खुलासा: दिल्ली क्राइम ब्रांच की दबिश, दो आरोपी फरार, मकानों पर कुर्की नोटिस चस्पा”

Leave a Reply