Breaking News

दिल्ली मेट्रो फेज-V(ए) को कैबिनेट की मंजूरी, 16 किमी के तीन नए कॉरिडोर बनेंगे

Bolta Sach News
|
Delhi Metro Phase-V(A) approved by the Cabinet
बोलता सच,नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने राजधानी की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में दिल्ली मेट्रो के फेज-V(ए) विस्तार को मंजूरी दे दी गई। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत कुल 16 किलोमीटर लंबाई के तीन नए कॉरिडोर विकसित किए जाएंगे, जिनमें 13 मेट्रो स्टेशन शामिल होंगे। परियोजना की कुल अनुमानित लागत 12,014.91 करोड़ रुपये है, जिसमें दिल्ली सरकार का हिस्सा 2,940.46 करोड़ रुपये होगा। इसे वर्ष 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विस्तार प्रधानमंत्री के ‘7-सी विजन’—साझा, सुलभ, सुविधाजनक, जाम-मुक्त, ऊर्जावान, स्वच्छ और अत्याधुनिक परिवहन—को साकार करने की दिशा में अहम कदम है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पर्यावरण संरक्षण और नेट-जीरो उत्सर्जन के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सार्वजनिक परिवहन का विस्तार जरूरी है।

तीन कॉरिडोर, 13 स्टेशन (10 अंडरग्राउंड)

स्वीकृत कॉरिडोरों में आरके आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ, एयरोसिटी से आईजीआई एयरपोर्ट टर्मिनल-1 और तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज शामिल हैं। कुल 13 स्टेशनों में से 10 अंडरग्राउंड और 3 एलिवेटेड होंगे।

आरके आश्रम मार्ग–इंद्रप्रस्थ (9.913 किमी, 9 स्टेशन)

यह सबसे बड़ा कॉरिडोर सेंट्रल विस्टा क्षेत्र से होकर गुजरेगा और प्रमुख प्रशासनिक व सांस्कृतिक स्थलों को जोड़ेगा। अनुमानित लागत 9,570.40 करोड़ रुपये है, जिसमें 2,337.24 करोड़ रुपये दिल्ली सरकार देगी।

एयरोसिटी–आईजीआई टी-1 (2.26 किमी, 1 स्टेशन)

यह कॉरिडोर एयरपोर्ट तक सीधी कनेक्टिविटी देगा और ट्रैफिक दबाव कम करेगा। लागत 1,419.64 करोड़ रुपये, जिसमें 351.86 करोड़ रुपये राज्य सरकार का हिस्सा होगा।

तुगलकाबाद–कालिंदी कुंज (3.9 किमी, 3 स्टेशन)

यह दक्षिण व दक्षिण-पूर्वी दिल्ली की कनेक्टिविटी मजबूत करेगा। इसकी लागत 1,024.87 करोड़ रुपये है, जिसमें 251.36 करोड़ रुपये दिल्ली सरकार वहन करेगी। सरकार का कहना है कि इस विस्तार से यातायात दबाव घटेगा और प्रदूषण नियंत्रण में भी मदद मिलेगी।

इसको भी पढ़ें : एमएम नरवणे की अप्रकाशित किताब विवाद पर पेंगुइन की सफाई, प्री-ऑर्डर को प्रकाशन मानने से किया इनकार

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply