Breaking News

देवरिया: अधिवक्ता राकेश किशोर के अमर्यादित आचरण के विरोध में वकीलों का कार्य बहिष्कार, न्यायालयों में ठप रहा कामकाज

Bolta Sach News
|
Deoria Advocate Rakesh Kishore
बोलता सच देवरिया : सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश बी.आर. गवई के खिलाफ अधिवक्ता राकेश किशोर के अमर्यादित आचरण की घटना को लेकर देवरिया में डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। इस विरोध में बुधवार को अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्यों से विरत रहते हुए एक दिन का कार्य बहिष्कार किया। परिणामस्वरूप, दीवानी न्यायालय में पूरे दिन कामकाज ठप रहा और केवल अगली तिथि निर्धारित करने का कार्य हुआ।

इस संबंध में बार एसोसिएशन की एक आवश्यक बैठक संघ भवन में आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता अध्यक्ष मनोज कुमार मिश्र एडवोकेट ने की। बैठक का संचालन मंत्री अर्जुन यादव एडवोकेट ने किया। सभी अधिवक्ताओं ने एक स्वर में अधिवक्ता राकेश किशोर के आचरण की निंदा की और इसे न्यायपालिका की गरिमा तथा अधिवक्ता समुदाय की साख के विपरीत बताया।

बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि अधिवक्ता समुदाय इस तरह के अमर्यादित व्यवहार के विरोध में न्यायिक कार्यों से एक दिन तक पूरी तरह विरत रहेगा। अधिवक्ताओं ने कहा कि “न्यायपालिका और अधिवक्ता एक-दूसरे के पूरक हैं, और न्याय व्यवस्था की मर्यादा को ठेस पहुंचाने वाले किसी भी कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

इस निर्णय के चलते दीवानी न्यायालयों में मुकदमों की सुनवाई नहीं हो सकी। वादकारियों को असुविधा से बचाने के लिए एसोसिएशन ने न्यायालयों से अनुरोध किया कि लंबित वादों में सामान्य तिथि निर्धारित की जाए।

इसी क्रम में, डॉ. भीमराव अंबेडकर राष्ट्रीय पिछड़ा दलित अल्पसंख्यक महासंघ के सदस्यों ने भी इस घटना के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सुभाष चौक से कलेक्ट्रेट तक मार्च निकाला और अधिवक्ता के आचरण को लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सीधा हमला बताया।

प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा, जिसमें मांग की गई कि ऐसे मामलों में कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में न्यायपालिका की गरिमा और स्वतंत्रता से कोई खिलवाड़ न कर सके।

देवरिया बार एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि न्यायपालिका के सम्मान की रक्षा के लिए अधिवक्ता समुदाय हमेशा एकजुट रहेगा और ऐसे अमर्यादित कार्यों के खिलाफ सख्त रुख अपनाता रहेगा।


Join WhatsApp

Join Now

2 thoughts on “देवरिया: अधिवक्ता राकेश किशोर के अमर्यादित आचरण के विरोध में वकीलों का कार्य बहिष्कार, न्यायालयों में ठप रहा कामकाज”

Leave a Reply