Breaking News

देवरिया : पथरदेवा में एटीएम से कैश न निकलने पर हंगामा, ग्राहकों ने शाखा प्रबंधक को घेरा

Bolta Sach News
|
Deoria Cash from ATM in Pathardewa
बोलता सच,देवरिया/पथरदेवा : पथरदेवा कस्बे में गुरुवार को एटीएम मशीन में कैश फंसने की घटना को लेकर जमकर हंगामा हुआ। भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की एटीएम मशीन से पैसा न निकलने पर नाराज ग्राहकों ने मौके पर पहुंचे शाखा प्रबंधक को घेर लिया और फंसे हुए पैसे तत्काल लौटाने की मांग करने लगे। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा, जिसके बाद मामला शांत कराया जा सका।
जानकारी के अनुसार, पथरदेवा कस्बे के मुख्य बाजार में स्थित एसबीआई एटीएम से गुरुवार शाम करीब चार बजे कस्बा निवासी सिट्टू ने 10 हजार रुपये निकालने के लिए कार्ड डाला। प्रक्रिया पूरी होने के बाद मशीन से कैश निकलने की आवाज तो आई, लेकिन पैसा बाहर नहीं निकला। इसी दौरान उनके मोबाइल पर खाते से राशि कटने का मैसेज भी आ गया।
इसके बाद दो अन्य ग्राहकों ने भी एटीएम से पैसे निकालने का प्रयास किया, लेकिन उनके साथ भी यही समस्या सामने आई। एक ग्राहक के दो हजार रुपये और दूसरे के तीन हजार रुपये एटीएम मशीन में फंस गए। लगातार कैश फंसने की घटनाओं से ग्राहकों में आक्रोश फैल गया। ग्राहकों ने इसकी सूचना स्थानीय एसबीआई शाखा प्रबंधक पंकज कुमार गौतम को दी। शाखा प्रबंधक मौके पर पहुंचे और एटीएम मशीन की जांच की। जांच के दौरान मशीन में एक अतिरिक्त डिवाइस लगी मिली, जिसके कारण कैश बाहर नहीं निकल पा रहा था। शाखा प्रबंधक ने उस डिवाइस को हटवाया और सुरक्षा कारणों से एटीएम मशीन को लॉक कर दिया।
इसी बीच एटीएम के पास लोगों की भीड़ जमा हो गई। नाराज ग्राहकों ने शाखा प्रबंधक से फंसे हुए पैसे तुरंत देने की मांग शुरू कर दी। शाखा प्रबंधक ने ग्राहकों से लिखित शिकायत देने को कहा और आश्वासन दिया कि जांच के बाद नियमानुसार राशि खातों में वापस कर दी जाएगी, लेकिन ग्राहक इस बात को मानने को तैयार नहीं हुए और उन्होंने शाखा प्रबंधक को घेर लिया।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। घटना के बाद एटीएम की सुरक्षा और तकनीकी खामियों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्राहकों ने बैंक प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द उनके फंसे हुए पैसे वापस किए जाएं और एटीएम की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए।

इसको भी पढ़ें : देवरिया। खुखुंदू चौराहे पर सड़क हादसा: तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से घायल किसान की इलाज के दौरान मौत

Join WhatsApp

Join Now

2 thoughts on “देवरिया : पथरदेवा में एटीएम से कैश न निकलने पर हंगामा, ग्राहकों ने शाखा प्रबंधक को घेरा”

Leave a Reply