बोलता सच देवरिया : जिले में बिना मान्यता के संचालित हो रहे स्कूलों के खिलाफ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) ने सख्त रुख अपनाते हुए 24 विद्यालयों को अंतिम नोटिस जारी किया है। ये सभी संस्थान कक्षा 8वीं तक की पढ़ाई करवा रहे थे, लेकिन शैक्षिक मान्यता प्राप्त नहीं थी।
पहले दो बार भेजे गए नोटिस, अब सीधे कार्रवाई
बीएसए शालिनी श्रीवास्तव ने बताया कि जिले के खंड शिक्षा अधिकारियों द्वारा नगर क्षेत्र समेत विभिन्न विकासखंडों में गैर-मान्यता प्राप्त विद्यालयों की सूची तैयार की गई थी। इन्हें 18 जुलाई और 5 अगस्त 2025 को नोटिस जारी किया गया था, लेकिन संतोषजनक जवाब न मिलने पर अब अंतिम नोटिस और आर्थिक दंड की कार्रवाई की गई है।
कई नामी स्कूल कार्रवाई की जद में
कार्रवाई की सूची में शामिल कुछ प्रमुख स्कूल इस प्रकार हैं:
-
बुद्धा पब्लिक स्कूल, इटवा बैतालपुर
-
केडी एकेडमी, बरहजिया मोड़
-
सनराइज एकेडमी, सुदामा चौक
-
आईडियल एकेडमी, तरकुलवा
-
जीनीयस एकेडमी, कठिनईयां
-
शिवकिरण वैली, खोराराम
-
रेड राज किड्स वैली, भीखमपुर रोड
-
स्पार्क एकेडमी, राघव नगर
-
यूरो किड्स और एडी एकेडमी, हनुमान मंदिर के पास
कुल 24 स्कूलों को अंतिम चेतावनी के तहत नोटिस भेजे गए हैं।
एक-एक लाख रुपये का जुर्माना, समय पर न भरने पर होगी वसूली
शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 के अंतर्गत सभी 24 स्कूलों पर प्रत्येक को एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। यह राशि राजकोष में जमा करानी होगी। जुर्माना समय पर न भरने की स्थिति में इसे भू-राजस्व की तरह वसूला जाएगा।
10 दिन में मांगी गई रिपोर्ट
बीएसए ने खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे 10 दिनों के भीतर विद्यालयों से संबंधित सभी दस्तावेज़ और प्रमाण एकत्र कर रिपोर्ट जिला कार्यालय में जमा करें। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सख्त संदेश: मान्यता के बिना नहीं चलेगा कोई स्कूल
शासन की मंशा के अनुरूप शिक्षा विभाग ने यह स्पष्ट कर दिया है कि गैर-मान्यता प्राप्त स्कूलों को अब बख्शा नहीं जाएगा। अभिभावकों को भी सलाह दी गई है कि बच्चों के एडमिशन से पहले स्कूल की मान्यता की जानकारी अवश्य लें।
इसे भी पढ़े : देवरिया: भटनी स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आकर युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































