बोलता सच,श्रावस्ती : उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। श्रावस्ती दौरे पर पहुंचे डिप्टी सीएम ने कहा कि बिहार चुनाव में पीडीए की हार के बाद अखिलेश यादव पूरी तरह बौखलाए हुए हैं और अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं। उन्होंने दावा किया कि अखिलेश यादव का राजनीतिक भविष्य अंधकार में है और वर्ष 2027 में वह सैफई तक सिमट कर रह जाएंगे।
शुक्रवार को श्रावस्ती पहुंचे केशव प्रसाद मौर्य का भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल, विधायक रामफेरन पांडे और जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा समेत पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान डिप्टी सीएम ने केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी दी और कहा कि डबल इंजन सरकार विकास के साथ-साथ कानून व्यवस्था को भी मजबूत कर रही है।
अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि विपक्ष एसआईआर (SIR) से घबराया हुआ है, क्योंकि इससे फर्जी वोटों की पहचान और समाप्ति की जा रही है। उन्होंने कहा कि यही वजह है कि विपक्ष अनर्गल बयानबाजी कर रहा है और जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है।
पश्चिम बंगाल में प्रस्तावित बाबरी मस्जिद के मुद्दे पर डिप्टी सीएम ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी किसी भी धर्म या मस्जिद के खिलाफ नहीं है, लेकिन विदेशी आक्रांताओं के नाम पर किसी भी प्रकार की इमारत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश की संस्कृति और स्वाभिमान से जुड़े मुद्दों पर कोई समझौता नहीं होगा।
कफ सिरप मामले को लेकर समाजवादी पार्टी पर हमला करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सपा और माफिया एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव माफियाओं और गुंडों के संरक्षक रहे हैं। इस दौरान उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि “सूप तो सूप, छलनी भी बोले, जिसमें 72 छेद,” यानी जिन पर खुद सवाल हैं, वही दूसरों पर आरोप लगा रहे हैं।
उन्नाव रेप कांड पर पूछे गए सवाल के जवाब में डिप्टी सीएम ने कहा कि सरकार हर पीड़ित के साथ खड़ी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कानून अपना काम करेगा और न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।
इसको भी पढ़ें : क्रिसमस पर चर्चों पर कथित हमलों को लेकर कांग्रेस का BJP-RSS पर तीखा हमला, पवन खेड़ा बोले—यह भारत की सभ्यता नहीं
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































