बोलता सच,नई दिल्ली : भारत के साथ रिश्तों में बढ़ते तनाव के बीच बांग्लादेश ने भारतीय नागरिकों के लिए वीजा नियमों को और कड़ा कर दिया है। बांग्लादेश ने नई दिल्ली के साथ-साथ कोलकाता, मुंबई और चेन्नई स्थित अपने मिशनों में भी वीजा सेवाओं पर अतिरिक्त पाबंदियां लागू कर दी हैं।
ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने बुधवार रात इस फैसले की पुष्टि की, जो गुरुवार से प्रभावी हो गया है। नए आदेश के तहत बिजनेस और रोजगार वीजा को छोड़कर भारतीय नागरिकों के लिए लगभग सभी प्रकार के वीजा अस्थायी रूप से निलंबित कर दिए गए हैं।
रिपोर्ट में बताया गया है कि कोलकाता स्थित बांग्लादेश डिप्टी हाई कमीशन में कांसुलर और वीजा सेवाएं पूरी तरह रोक दी गई हैं। वहीं मुंबई और चेन्नई में मौजूद बांग्लादेशी मिशनों में भारतीय नागरिकों के लिए टूरिस्ट सहित अन्य वीजा सेवाएं सस्पेंड कर दी गई हैं।
डिप्लोमैटिक सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि दोनों देशों के बीच जारी तनाव और सुरक्षा चिंताओं को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। इससे पहले 22 दिसंबर को नई दिल्ली में बांग्लादेश हाई कमीशन के बाहर हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद वहां वीजा सेवाएं अनिश्चितकाल के लिए निलंबित कर दी गई थीं।
इसी तरह त्रिपुरा में स्थित ढाका के असिस्टेंट हाई कमीशन ने भी मिशन के बाहर प्रदर्शन के बाद वीजा सेवाओं को सस्पेंड करने की घोषणा की थी। लगातार हो रहे इन फैसलों से दोनों देशों के बीच कूटनीतिक तनाव और गहराने के संकेत मिल रहे हैं।
इसको भी पढ़ें : राहुल गांधी का पीएम मोदी पर हमला, बोले—ट्रंप के दबाव में झुके, इंदिरा गांधी से की तुलना
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































