Breaking News

डीएम बोलीं- टैंक की सफाई कराई तो बनेगा क्रिमिनल केस

Bolta Sach News
|
DM said – of the tank
बोलता सच देवरिया :  मेडिकल कॉलेज परिसर में ओपीडी बिल्डिंग की पानी की टंकी में मिले शव मामले को लेकर मंगलवार को पूरे दिन प्रशासनिक हलचल बनी रही। डीएम दिव्या मित्तल खुद मेडिकल कॉलेज पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था में भारी लापरवाही पर प्राचार्य को फटकार लगाई और साफ निर्देश दिया कि जांच पूरी होने तक टंकी की सफाई नहीं की जाएगी।
डीएम ने कहा, “कोई भी व्यक्ति सबूत मिटाने की कोशिश न करे, अगर ऐसा हुआ तो उस पर आपराधिक मामला दर्ज किया जाएगा।” उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मामला गंभीर सुरक्षा चूक का प्रतीक है और इसकी पूरी जांच पारदर्शी तरीके से की जाएगी।
घटना सोमवार की है, जब ओपीडी बिल्डिंग की पांचवीं मंजिल पर बनी पानी की टंकी से दुर्गंध आने लगी। पानी का फ्लो कम होने की शिकायत पर जब जांच की गई तो टंकी में एक पुरुष का शव मिला। बताया जा रहा है कि शव करीब छह दिन पुराना था। देर रात मेडिकल कॉलेज प्रशासन, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।
मौके से एक बिस्तर की चादर बरामद हुई, जिस पर 25 सितंबर की मोहर लगी थी। फॉरेंसिक टीम ने चादर को जांच के लिए कब्जे में ले लिया। शव पूरी तरह सड़-गल चुका था और उसके हाथ में सीरिंज लगी थी। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
मंगलवार को सुबह करीब 11:30 बजे डीएम दिव्या मित्तल सीओ और अन्य अधिकारियों के साथ कॉलेज की छत पर पहुंचीं। उन्होंने छत पर लगी टूटी हुई कुंडी, बिना कैमरे वाली सीढ़ियां और सुरक्षा के अभाव पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि जांच पूरी होने तक किसी बाहरी व्यक्ति को छत पर जाने की अनुमति नहीं होगी।
डीएम ने सीओ को तत्काल छत पर पुलिसकर्मी की तैनाती के निर्देश दिए और सीडीओ के नेतृत्व में पांच सदस्यीय जांच टीम गठित कर दी। उन्होंने कहा कि “जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
इस घटना के बाद से मेडिकल कॉलेज प्रशासन और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है। लोग यह सोचकर चिंतित हैं कि इतनी ऊंचाई और सुरक्षा वाले स्थान तक कोई व्यक्ति कैसे पहुंचा और बिना किसी की जानकारी के इतनी बड़ी घटना कैसे घट गई। फिलहाल जांच टीम ने साक्ष्य एकत्र करने और संभावित लापरवाह कर्मियों की सूची तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

इस खबर को भी पढ़ें : देवरिया में समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक संपन्न, पथरदेवा विधानसभा के पर्यवेक्षक बने सद्दाम हुसैन

Join WhatsApp

Join Now