बोलता सच,बांदा : उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में एक प्राथमिक विद्यालय में खेल के दौरान हुई दुर्घटना में 14 वर्षीय छात्रा की दाहिनी आंख की रोशनी चली गई। यह घटना 20 दिसंबर की बताई जा रही है। छात्रा के पिता की शिकायत पर पुलिस ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है, वहीं शिक्षा विभाग ने भी मामले की अलग से जांच शुरू कर दी है।
छिलोलर गांव निवासी रामदीन की बेटी आरती देवी प्राथमिक विद्यालय छिलोलर में पढ़ती है। परिजनों का आरोप है कि घटना के दिन विद्यालय परिसर में गिल्ली-डंडा खेला जा रहा था। इसी दौरान प्रधानाध्यापक के हाथ से छूटा डंडा आरती की आंख में जा लगा, जिससे आंख गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई। परिजन इलाज के लिए उसे जानकी कुंड, चित्रकूट ले गए, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उसकी आंख की रोशनी नहीं बच सकी।
पीड़ित पिता का यह भी आरोप है कि जब उन्होंने प्रधानाध्यापक से घटना को लेकर सवाल किया तो उन्होंने जिम्मेदारी लेने के बजाय गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उन्होंने थाने में तहरीर दी।
कमासिन थाना प्रभारी भास्कर मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्रधानाध्यापक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। छात्रा को आई सर्जन के पास मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट में चोट की गंभीरता सामने आने के बाद धाराओं में बढ़ोतरी की जाएगी।
बेसिक शिक्षा अधिकारी अव्यक्त राम तिवारी ने बताया कि मामले की जांच खंड शिक्षा अधिकारी कमासिन राजेश कुमार को सौंपी गई है। यदि जांच में आरोप सही पाए गए तो प्रधानाध्यापक को निलंबित किया जाएगा। वहीं आरोपी प्रधानाध्यापक राकेश सिंह ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा है कि वह गिल्ली-डंडा नहीं खेल रहे थे, बल्कि इंटरवल के दौरान किसी बच्चे के हाथ से डंडा छूटकर छात्रा की आंख में लगा था।
इसको भी पढ़ें : आई-पैक पर ईडी की छापेमारी से सियासी घमासान, सुप्रीम कोर्ट पहुंची जांच एजेंसी
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































