Breaking News

लखनऊ के एरा मेडिकल कॉलेज पर गंभीर लापरवाही का आरोप, महिला के पेट में सर्जिकल सामान छोड़ने का मामला

Bolta Sach News
|
Era Medical College, Lucknow
बोलता सच,लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। प्रतिष्ठित एरा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के डॉक्टरों पर गंभीर चिकित्सकीय लापरवाही के आरोप लगे हैं। आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों ने एक महिला के पेट में सर्जिकल सामान छोड़ दिया, जिससे उसे लंबे समय तक असहनीय दर्द झेलना पड़ा। दर्द की शिकायत के बावजूद डॉक्टर लगातार दवाइयां देकर मामले को नजरअंदाज करते रहे। बाद में दूसरे अस्पताल में जांच कराने पर सच्चाई सामने आई। अब अदालत के आदेश पर अस्पताल के डॉक्टरों और मालिकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
पीड़िता रूपा शर्मा सिंह वर्ष 2023 में पेट दर्द की शिकायत लेकर एरा अस्पताल पहुंची थीं। जांच के बाद डॉक्टरों ने 5 जनवरी को ऑपरेशन की सलाह दी, जिसके तहत महिला को 15 फरवरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। 27 फरवरी 2023 को पहला ऑपरेशन किया गया। इसके बाद तबीयत बिगड़ने पर 17 मार्च को दोबारा ऑपरेशन हुआ, लेकिन टांके पक जाने से महिला को तेज दर्द होने लगा।
आरोप है कि बार-बार शिकायत करने पर भी डॉक्टरों ने केवल दर्द निवारक दवाएं दीं। बाद में जब जांच कराई गई तो पेट में सर्जिकल सामान होने के संकेत मिले, लेकिन इस जानकारी को छिपा लिया गया। संदेह होने पर परिजनों ने चरक अस्पताल में जांच कराई, जहां सर्जिकल सामान होने की पुष्टि हुई। इसके बाद 20 अगस्त को महिला का तीसरा ऑपरेशन कर पेट से सर्जिकल सामान निकाला गया।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि एरा अस्पताल ने इलाज के नाम पर करीब पांच लाख रुपये वसूल लिए। मामले की शिकायत पुलिस से की गई, लेकिन जब एफआईआर दर्ज नहीं हुई तो पीड़िता ने अदालत का रुख किया। कोर्ट के आदेश पर ठाकुरगंज थाना पुलिस ने एरा अस्पताल के 13 डॉक्टरों और दो मालिकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
एफआईआर में अस्पताल के मालिक मोहसिन अली खान और मीमस अली खान के साथ-साथ डॉ. फरजाना, डॉ. जमाल मोहम्मद, डॉ. आयुष वर्मा, डॉ. सुमन, डॉ. नूपुर, जेआर डॉ. श्रीतिया कसवी, कंसल्टेंट डॉ. अहमद अंसारी, डॉ. ओसमान मूसा हिंगोरा, डॉ. वकार, डॉ. सिद्दीकी, डॉ. पृथ्वी, डॉ. कृष्ण और डॉ. सुरजीत बसु के नाम शामिल हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

इसको भी पढ़ें : मऊ रेलवे स्टेशन पर बम की धमकी से हड़कंप, दो घंटे बाद सुरक्षित रवाना हुई काशी एक्सप्रेस

Join WhatsApp

Join Now

1 thought on “लखनऊ के एरा मेडिकल कॉलेज पर गंभीर लापरवाही का आरोप, महिला के पेट में सर्जिकल सामान छोड़ने का मामला”

Leave a Reply