Breaking News

विदेश मंत्री एस. जयशंकर 4 से 10 जनवरी तक फ्रांस और लक्जमबर्ग के दौरे पर

Bolta Sach News
|
External Affairs Minister S. Jaishankar 4 to 10
बोलता सच,नई दिल्ली : विदेश मंत्री एस. जयशंकर रविवार (4 जनवरी) से 10 जनवरी तक फ्रांस और लक्जमबर्ग की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, पेरिस में वह फ्रांसीसी नेतृत्व से मुलाकात करेंगे और अपने समकक्ष जीन-नोएल बैरोट के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।
जयशंकर भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी के तहत हुई प्रगति और समकालीन वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इसके साथ ही वह विशिष्ट अतिथि के रूप में फ्रांसीसी राजदूत सम्मेलन के 31वें संस्करण को संबोधित भी करेंगे।
यह दौरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फरवरी में हुई फ्रांस यात्रा के कुछ महीनों बाद हो रहा है, जब पीएम मोदी ने राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ एआई एक्शन समिट की सह-अध्यक्षता की थी और द्विपक्षीय बातचीत की थी। माना जा रहा है कि जयशंकर की यात्रा उस संवाद को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगी।
फ्रांस के बाद विदेश मंत्री लक्जमबर्ग जाएंगे, जहां वह उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री जेवियर बेटेल समेत वरिष्ठ नेतृत्व से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा, वह वहां भारतीय समुदाय के सदस्यों से भी संवाद करेंगे।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में जयशंकर ने बांग्लादेश और श्रीलंका का भी दौरा किया था। बांग्लादेश में उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के अंतिम संस्कार में भाग लिया था, जबकि श्रीलंका में प्रधानमंत्री हरिनी अमरसूर्या से मुलाकात कर चक्रवात दित्वाह के बाद पुनर्निर्माण प्रयासों में भारत के सहयोग की प्रतिबद्धता दोहराई थी।

इसको भी पढ़ें : सर्दी बढ़ते ही दिल्ली में बिजली की मांग रिकॉर्ड स्तर पर, 6,000 मेगावॉट तक पहुंचने का अनुमान

Join WhatsApp

Join Now

1 thought on “विदेश मंत्री एस. जयशंकर 4 से 10 जनवरी तक फ्रांस और लक्जमबर्ग के दौरे पर”

Leave a Reply