Breaking News

नए साल से पहले काशी में आस्था का सैलाब: एक दिन में तीन लाख श्रद्धालुओं ने किए बाबा विश्वनाथ के दर्शन, धाम में महाशिवरात्रि जैसा नजारा

Bolta Sach News
|
Faith in Kashi before the New Year
बोलता सच,वाराणसी : नए साल से पहले ही काशी में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। काशी विश्वनाथ धाम के आकर्षण और बाबा विश्वनाथ के दर्शन की लालसा के चलते शनिवार को आस्था का सैलाब देखने को मिला। दोपहर तक करीब दो लाख श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में हाजिरी लगाई, जबकि शाम होते-होते यह संख्या बढ़कर तीन लाख तक पहुंच गई। भीड़ का आलम ऐसा रहा कि पूरा धाम महाशिवरात्रि जैसा नजर आने लगा। कड़ाके की ठंड के बावजूद भक्त नंगे पैर लंबी कतारों में खड़े होकर दर्शन करते दिखे। मंदिर के आसपास की गलियों में भी पैर रखने की जगह नहीं बची।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर विशिष्ट तीर्थ क्षेत्र प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। एसडीएम शंभू शरण ने बताया कि धाम परिसर में महाकुंभ और सावन की तर्ज पर बैरिकेडिंग कराई गई है। श्रद्धालु तय मार्गों से होकर ही बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन कर रहे हैं और उन्हें झांकी दर्शन की सुविधा दी जा रही है। सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंदिर आने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर वाहनों का प्रवेश रोक दिया गया है। गंगा घाटों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
भीड़ का असर पर्यटन और ठहराव व्यवस्था पर भी साफ दिख रहा है। गोदौलिया से दशाश्वमेध मार्ग तक स्थित होटल, लॉज और गेस्ट हाउस पूरी तरह भर चुके हैं। मठों और आश्रमों में भी नए साल के पहले पखवाड़े तक की बुकिंग फुल है। खास तौर पर दक्षिण भारत से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या अधिक बताई जा रही है। हनुमान घाट से मानसरोवर घाट के बीच स्थित दक्षिण भारतीय मठों और आश्रमों में 10 जनवरी तक के लिए कमरे पहले ही बुक हो चुके हैं।
गंगा घाटों पर भी श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। गंगा आरती देखने और घाटों का नजारा लेने के लिए क्रूज और नौकाओं की बुकिंग जनवरी के पहले सप्ताह तक लगभग पूरी हो चुकी है। शाम के समय दशाश्वमेध घाट पर होने वाली गंगा आरती में शामिल होने के लिए हजारों श्रद्धालु उमड़ रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन मिल सकें।

इसको भी पढ़ें : मोदी-आडवाणी की तस्वीर पर दिग्विजय सिंह की पोस्ट से सियासी हलचल, सफाई देकर बोले—मैं RSS और मोदी का विरोधी हूं

Join WhatsApp

Join Now

2 thoughts on “नए साल से पहले काशी में आस्था का सैलाब: एक दिन में तीन लाख श्रद्धालुओं ने किए बाबा विश्वनाथ के दर्शन, धाम में महाशिवरात्रि जैसा नजारा”

Leave a Reply