Breaking News

फर्जी नर्सिंग होम का भंडाफोड़, बिना डिग्री कर रहे थे ऑपरेशन

Bolta Sach News
|
Fake nursing home busted
बोलता सच,देवरिया। शहर के बेलडाड़ मोड़ पर स्थित एक आवासीय मकान में बिना रजिस्ट्रेशन फर्जी नर्सिंग होम चलाने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक महिला के ऑपरेशन (सीजर) का वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया और देर रात मौके पर पहुंचकर अस्पताल को सील कर दिया
सूत्रों के अनुसार, बीते छह माह से “अर्पित हेल्थ केयर हॉस्पिटल” के नाम से यह फर्जी नर्सिंग होम संचालित हो रहा था। इसका संचालन भलुअनी थाना क्षेत्र के लगड़ा बाजार निवासी फार्मासिस्ट दीपक यादव कर रहा था। वहीं, डॉ. कुलदीप नाम का युवक मरीजों का इलाज और ऑपरेशन करता था।

बिना रजिस्ट्रेशन और बिना डिग्री कर रहा था ऑपरेशन

जांच में सामने आया कि कुलदीप डॉक्टर नहीं है, बल्कि बीएएमएस के तीसरे वर्ष का छात्र है। वह गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के लाइन बाजार निवासी मुन्ना प्रसाद का पुत्र है और सिवान के दयानंद आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल से पढ़ाई कर रहा है।
बताया गया कि दोनों आरोपी मिलकर मरीजों को भर्ती कर गाल ब्लैडर का ऑपरेशन, गर्भवती महिलाओं का सीजर और अन्य उपचार करते थे। वायरल वीडियो में कथित डॉक्टर को ऑपरेशन करते हुए देखा गया।

स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई शुरू

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मौके पर पहुंचकर नर्सिंग होम को सील कर दिया। विभाग अब कथित डॉक्टर और फार्मासिस्ट दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी कर रहा है।

वहीं, मकान मालिक ने भी कार्रवाई की भनक लगते ही फार्मासिस्ट को मकान खाली करने की चेतावनी दी है। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि “बिना रजिस्ट्रेशन अस्पताल चलाना और बिना योग्यता ऑपरेशन करना गंभीर अपराध है। संबंधितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।”


इस खबर को भी पढ़ें : इलाहाबाद हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: बाल अपराध सरकारी नौकरी में बाधक नहीं

Join WhatsApp

Join Now

1 thought on “फर्जी नर्सिंग होम का भंडाफोड़, बिना डिग्री कर रहे थे ऑपरेशन”

Leave a Reply