Breaking News

सांड़ के हमले से किसान की मौत, खेत से लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा

Bolta Sach News
|
Farmer dies due to bull attack
बोलता सच,बखरा (देवरिया)। गौरी बाजार थाना क्षेत्र के लेड़हा गांव में शनिवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां खेत से लौट रहे 70 वर्षीय किसान की सांड़ के हमले में मौत हो गई। घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

लेड़हा गांव निवासी बलिकरण पटेल (70), पुत्र स्वर्गीय सरजू पटेल, खेती के साथ-साथ किराने की दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। शनिवार की शाम करीब पांच बजे वह कड़ाके की ठंड के बीच खेत की सिंचाई कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में खड़े एक सांड़ ने अचानक उन पर हमला कर दिया।

हमले के दौरान बलिकरण पटेल ने बचाव के लिए शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सांड़ ने उन्हें पटक-पटक कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन कुछ ही देर में उन्होंने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना ग्रामीणों ने डायल 112 के माध्यम से पुलिस को दी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक राहुल सिंह, महिला उप निरीक्षक संध्या यादव और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक राहुल सिंह ने बताया कि सांड़ के हमले से किसान की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।


Join WhatsApp

Join Now

1 thought on “सांड़ के हमले से किसान की मौत, खेत से लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा”

Leave a Reply