Breaking News

इतिहास रचेगा 1 फरवरी: पहली बार रविवार को पेश होगा केंद्रीय बजट, निर्मला सीतारमण पेश करेंगी 9वां बजट

Bolta Sach News
|
February 1 will create history for the first time

बोलता सच,नई दिल्ली : संसदीय इतिहास में पहली बार केंद्रीय बजट रविवार के दिन पेश किया जाएगा। वित्त वर्ष 2025-26 का आम बजट रविवार, 1 फरवरी को संसद में प्रस्तुत होगा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोमवार को इसकी औपचारिक घोषणा करते हुए बताया कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण इस दिन लोकसभा में बजट पेश करेंगी। आमतौर पर संसद की कार्यवाही सप्ताहांत में नहीं होती, ऐसे में रविवार को बजट पेश होना एक ऐतिहासिक अवसर माना जा रहा है।

मोरारजी देसाई के रिकॉर्ड के करीब निर्मला सीतारमण

यह बजट वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के लिए भी खास होगा। यह उनका लगातार नौवां बजट होगा। इसके साथ ही वह देश के पूर्व वित्त मंत्री मोरारजी देसाई के सर्वाधिक बजट पेश करने के रिकॉर्ड के बेहद करीब पहुंच जाएंगी। मोरारजी देसाई ने अपने कार्यकाल में कुल 10 बजट पेश किए थे, जबकि सीतारमण अब इस रिकॉर्ड से सिर्फ एक कदम दूर हैं।

28 जनवरी से शुरू होगा बजट सत्र

संसद का बजट सत्र 28 जनवरी से शुरू होगा। सत्र की शुरुआत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण से होगी। वह लोकसभा कक्ष में लोकसभा और राज्यसभा के सदस्यों की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी। इसके बाद वित्त मंत्री द्वारा संसद के दोनों सदनों में आर्थिक सर्वेक्षण पेश किए जाने की संभावना है।

दो चरणों में चलेगा बजट सत्र

संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू के अनुसार, बजट सत्र 28 जनवरी से 2 अप्रैल तक चलेगा और इसे दो चरणों में विभाजित किया गया है—

  • पहला चरण: 28 जनवरी से 13 फरवरी तक

  • अवकाश: 13 फरवरी से 9 मार्च तक, इस दौरान संसदीय समितियां विभिन्न मंत्रालयों की अनुदान मांगों और बजट प्रस्तावों की जांच करेंगी

  • दूसरा चरण: 9 मार्च से 2 अप्रैल तक

सरकार ने 1 फरवरी को आधिकारिक तौर पर बजट डे घोषित किया है। रविवार को बजट पेश करने का फैसला और निर्मला सीतारमण का नौवां बजट, इस सत्र को राजनीतिक और आर्थिक दोनों दृष्टि से बेहद अहम बनाता है। अब बाजार, उद्योग जगत और आम जनता की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि रविवार को पेश होने वाला यह बजट देश की अर्थव्यवस्था के लिए क्या नई दिशा तय करता है

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply