बोलता सच,स्पोर्ट्स : ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज और पाकिस्तान पुरुष टेस्ट टीम के पूर्व मुख्य कोच जेसन गिलेस्पी ने अपने इस्तीफे को लेकर बड़ा खुलासा किया है। गिलेस्पी ने बताया कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के कुछ फैसलों के कारण उन्हें अपमानित महसूस हुआ, जिसके चलते उन्होंने महज आठ महीने में ही कोच पद छोड़ने का फैसला किया।
गिलेस्पी को अप्रैल 2024 में पाकिस्तान टेस्ट टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया था। हालांकि, दक्षिण अफ्रीका दौरे के बाद उन्होंने अचानक इस्तीफा दे दिया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर फैंस के साथ सवाल-जवाब के दौरान गिलेस्पी ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि पीसीबी ने सहायक कोच टिम नीलसन को बिना किसी पूर्व सूचना या उनसे बातचीत किए बर्खास्त कर दिया, जो एक मुख्य कोच के तौर पर उन्हें पूरी तरह अस्वीकार्य लगा।
गिलेस्पी ने लिखा, “मैं पाकिस्तान टेस्ट टीम का कोच था। पीसीबी ने हमारे सीनियर असिस्टेंट कोच को बिना मुझसे बात किए हटा दिया। इसके अलावा भी कई ऐसे मुद्दे थे, जिनसे मुझे बेहद अपमानित महसूस हुआ।”
हालांकि, उन्होंने पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) की तारीफ करते हुए इसे एक शानदार टूर्नामेंट बताया।
गिलेस्पी के कार्यकाल में पाकिस्तान टीम का प्रदर्शन मिला-जुला रहा। सितंबर 2024 में घरेलू मैदान पर बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान को 0-2 से हार झेलनी पड़ी, जिससे टीम की बल्लेबाजी और संयोजन की कमजोरियां उजागर हुईं। लेकिन इसके बाद अक्तूबर में इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान ने 2-1 से यादगार जीत दर्ज की।
मैदान पर कुछ सकारात्मक नतीजों के बावजूद गिलेस्पी और पीसीबी के बीच रिश्ते लगातार तनावपूर्ण होते गए। खासकर चयन प्रक्रिया और कोचिंग स्टाफ से जुड़े फैसलों को लेकर मतभेद बढ़ते चले गए। अंततः इन्हीं कारणों से गिलेस्पी ने पाकिस्तान टेस्ट टीम के मुख्य कोच पद से इस्तीफा देना बेहतर समझा।
इसको भी पढ़ें : कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने की उर्वरक उपलब्धता की समीक्षा, कालाबाजारी करने वालों पर FIR के निर्देश
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































