बोलता सच देवरिया : देवरिया में तरकुलवा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। ओवरटेक के मामूली विवाद ने एक युवक की जान ले ली। राउतपार गांव निवासी रोहित विश्वकर्मा की पटनवा पुल के पास नदी में गिरकर डूबने से मौत हो गई। शुरुआती जांच में दोस्तों ने अपहरण की झूठी कहानी गढ़ी, लेकिन पुलिस की पड़ताल में हकीकत सामने आ गई। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया है।
पुलिस ने बाइक बरामद की
घटना 8 जुलाई की रात की है। रोहित अपने दोस्तों पुन्य प्रकाश मणि त्रिपाठी, अंकित विश्वकर्मा के साथ कार में सवार थे। वहीं बाइक पर विकास और संदीप चल रहे थे। सभी लोग किसी समारोह से पड़रौना से लौट रहे थे और शराब के नशे में थे। पटनवा पुल के पास ओवरटेक को लेकर कार और बाइक सवारों में कहासुनी हो गई। बात बढ़कर गाली-गलौज तक पहुंची। हंगामा देख भीड़ जुटने लगी तो कार सवार भागने लगे। इसी दौरान अफरातफरी में रोहित कार में नहीं चढ़ पाया और नदी में गिर गया।
दोस्तों ने झूठी अफवाह फैलाई
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रोहित को नदी में गिरते हुए देखा गया, लेकिन दोस्तों ने पुलिस को गुमराह करते हुए अपहरण की सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने खोजबीन शुरू की और गुरुवार को रामपुर कारखाना के कोटवा गांव के पास नदी से रोहित का शव बरामद कर लिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण डूबना बताया गया।
मामले में पुलिस ने पुन्य प्रकाश मणि त्रिपाठी, अंकित विश्वकर्मा, विकास और संदीप को गैर इरादतन हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। शुरुआत में मुकदमे में धारा 140(3) बीएनएस लगाई गई थी, लेकिन शव मिलने के बाद इसे हटाकर धारा 105 व 238 बीएनएस बढ़ा दी गई है। पुलिस ने चार पहिया वाहन और मोटरसाइकिल भी बरामद कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
जांच में हुआ खुलासा
थाना प्रभारी तरकुलवा ने बताया कि शुरुआती सूचना भ्रामक थी, लेकिन सघन जांच से पूरा घटनाक्रम सामने आ गया। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में विधिक कार्यवाही जारी है।”
मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने आरोप लगाया कि अगर समय रहते दोस्तों ने सच्चाई बताई होती, तो शायद रोहित को बचाया जा सकता था। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
इसे भी पढ़े : घरेलू विवाद से तंग मजदूर ने लगाई फांसी, मासूम बेटी हुई अनाथ
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































