बोलता सच देवरिया : देवरिया जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र के बरुआडीह गांव के पास गुरुवार सुबह करीब नौ बजे एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। पशुओं से लदी तेज रफ्तार पिकअप ने ई-रिक्शा और साइकिल सवार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पिकअप अनियंत्रित होकर नाले में पलट गई। इस हादसे में पिकअप में लदी एक गाय की मौके पर ही मौत हो गई। ई-रिक्शा चालक राम ज्ञानी प्रजापति (55 वर्ष), निवासी बरुआडीह की भी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में ई-रिक्शा में सवार तीन महिला शिक्षिकाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों में माधुरी तिवारी (30 वर्ष) निवासी कोतवाली चौराहा, मीनाक्षी श्रीवास्तव (45 वर्ष) निवासी गायत्री पुरम कॉलोनी और नाहिदा परवीन (39 वर्ष) निवासी हरियापार शामिल हैं। साइकिल सवार रविंद्र कुशवाहा (45 वर्ष) निवासी छठियांव भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
पशु तस्करी रोकने की मांग
घटना की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने पशु तस्करी और सड़क हादसे के विरोध में बैकुंठपुर-देवरिया मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि पशु तस्करी करने वाले वाहन इसी मार्ग से गुजरते हैं। इससे क्षेत्र में दुर्घटनाएं बढ़ती जा रही हैं।
एएसपी मौके पर पहुंचे
सूचना पर क्षेत्राधिकारी सलेमपुर और ASP दक्षिणी सुनील कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। हालांकि, आक्रोशित ग्रामीण कार्रवाई और पशु तस्करी रोकने की ठोस मांग पर अड़े रहे।
करीब दो घंटे की मशक्कत और आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया। पुलिस ने मौके से पिकअप को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घायल सभी लोगों को उपचार के लिए देवरिया मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है।
इसे भी पढ़े : देवरिया: हाईटेंशन तार की चपेट में आकर युवक की मौत, ट्रक पर चढ़ते समय हुआ करंट से हादसा
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































