बोलता सच,देवरिया। महर्षि देवरहवा बाबा मेडिकल कॉलेज से एक बार फिर मरीज के रहस्यमय तरीके से गायब होने की घटना सामने आई है। रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के पश्चिमी तिवारी टोला निवासी 75 वर्षीय गुजराती देवी सोमवार शाम से लापता हैं। वह ऑर्थोपेडिक वार्ड में भर्ती थीं और बुधवार को उनका ऑपरेशन होना था। घटना ने मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
परिजनों के मुताबिक, सोमवार शाम करीब चार बजे गुजराती देवी अपने बेड नंबर चार पर मौजूद थीं। परिवार के लोग पानी लेने नीचे गए और कुछ ही देर में लौटे तो बेड खाली मिला। शुरू में उन्हें लगा कि डॉक्टर या नर्स जांच के लिए ले गए होंगे, लेकिन पूछताछ करने पर किसी को भी उनकी जानकारी नहीं मिली। इसके बाद अफरा-तफरी मच गई और परिजनों ने उन्हें पूरे वार्ड और परिसर में तलाशा, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
गुजराती देवी को 1 नवंबर को दाहिने हाथ के फ्रैक्चर के इलाज के लिए ऑर्थोपेडिक वार्ड की दूसरी मंजिल पर भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने 5 नवंबर को ऑपरेशन की तिथि तय की थी। ऑपरेशन से ठीक एक दिन पहले उनके गायब हो जाने से परिवार सदमे में है।
पहले भी हो चुकी है लापता मरीज की घटना
यह पहली बार नहीं है जब देवरहवा बाबा मेडिकल कॉलेज से कोई मरीज गायब हुआ हो। 27 सितंबर को भर्ती मुंबई निवासी अशोक नामक व्यक्ति भी वार्ड से रहस्यमय तरीके से लापता हो गया था। बाद में 6 अक्टूबर को उसका शव कॉलेज की पांचवीं मंजिल स्थित पानी की टंकी से बरामद हुआ था। उस घटना ने भी प्रशासनिक लापरवाही और सुरक्षा प्रबंधन पर गंभीर प्रश्न उठाए थे। अब दोबारा ऐसा मामला सामने आने से मेडिकल कॉलेज की निगरानी व्यवस्था पर उंगली उठ रही है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल विनोद सिंह मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि पता लगाया जा सके कि गुजराती देवी अस्पताल परिसर से बाहर कैसे और किसके साथ निकलीं। पुलिस ने मेडिकल कॉलेज प्रशासन से सुरक्षा रजिस्टर और वार्ड उपस्थिति रिकार्ड भी मांगा है।
परिजनों में रोष, प्रशासन से जवाब की मांग
परिजनों ने कहा कि अस्पताल में हर जगह गार्ड और कैमरे होने के बावजूद मरीज का यूं गायब हो जाना गंभीर लापरवाही है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई और गुजराती देवी को खोजने की मांग की है। फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक टीमें महिला की तलाश में जुटी हैं। यह मामला एक बार फिर मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली की पोल खोलता दिखाई दे रहा है।
इस खबर को भी पढ़ें : प्रियंका गांधी का केंद्र पर हमला — कहा, “बिहार में 65 लाख मतदाताओं का नाम काटना नागरिकता छीनने जैसा कदम”
➤ You May Also Like























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































1 thought on “देवरिया मेडिकल कॉलेज से 75 वर्षीय महिला रहस्यमय तरीके से लापता, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल”