Breaking News

अंबेडकरनगर में सस्ता सोना दिलाने के नाम पर ठगी, डायल 112 के दो सिपाही समेत तीन गिरफ्तार

Bolta Sach News
|
Get cheap gold in Ambedkar Nagar

बोलता सच,उत्तर प्रदेश : उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले में सस्ता सोना दिलाने के नाम पर एक युवक से दो लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इस मामले में डायल 112 में तैनात गाजीपुर के दो सिपाहियों सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपित सिपाहियों को निलंबित करते हुए उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

यह मामला राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के देवचंदपुर गांव का है। मूल रूप से गोरखपुर निवासी शिवम मिश्रा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि फोन के जरिए उनका संपर्क देवचंदपुर गांव के वीरेंद्र वर्मा और प्रमोद सिंह से हुआ था। दोनों ने सस्ते दाम पर सोना दिलाने का झांसा देकर उन्हें 50 ग्राम सोना दो लाख रुपये में देने का सौदा तय किया।

नकली नोट थमा कर फरार हुए आरोपी

पीड़ित के अनुसार, 13 जनवरी को उन्हें देवरिया बाजार बुलाया गया, जहां वह तय समय पर दो लाख रुपये लेकर पहुंचे। प्रमोद सिंह और वीरेंद्र वर्मा ने रुपये लेकर उन्हें एक बैग सौंपा और मौके से चले गए। कुछ देर बाद जब शिवम ने बैग खोला तो उसमें सोने की जगह नकली नोट निकले।

घटना की जानकारी शिवम ने तुरंत डायल 112 पर फोन कर पुलिस को दी। सूचना पर मौके पर पहुंचे डायल 112 में तैनात सिपाही आदर्श यादव और अनिल यादव ने कथित तौर पर नकली नोट की तस्करी में फंसाने का डर दिखाकर शिवम को जेल भेजने की धमकी दी और वहां से भगा दिया।

जांच में दोषी पाए गए सिपाही

इसके बाद शिवम गोरखपुर लौट गए और पुलिस विभाग में तैनात अपने एक रिश्तेदार को पूरी घटना बताई। रिश्तेदार के हौसला बढ़ाने पर शिवम 23 जनवरी को दोबारा राजेसुल्तानपुर पहुंचे और धोखाधड़ी की तहरीर दी। मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने जांच के आदेश दिए। जांच में दोनों सिपाही दोषी पाए गए, जिसके बाद एसपी ने उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने दोनों सिपाहियों के साथ जालसाज प्रमोद सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी समेत अन्य संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है।

घटना में शामिल दूसरे आरोपी वीरेंद्र वर्मा और अन्य की तलाश पुलिस कर रही है। एसपी अभिजीत आर. शंकर ने बताया कि मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और निष्पक्ष कार्रवाई जारी है।


Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply