Breaking News

गोरखपुर: मकर संक्रांति पर आस्था का सैलाब, गोरखनाथ मंदिर में सीएम योगी ने चढ़ाई खिचड़ी

Bolta Sach News
|
Gorakhpur Faith on Makar Sankranti
बोलता सच,गोरखपुर : देशभर में मकर संक्रांति का पावन पर्व गुरुवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर सुबह से ही श्रद्धालु पवित्र नदियों में स्नान कर दान-पुण्य में जुटे रहे। प्रयागराज के माघ मेले में भी स्नान के लिए भारी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी, जहां लोगों ने खिचड़ी, वस्त्र और अन्य आवश्यक वस्तुओं का दान किया।

मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ब्रह्म मुहूर्त में गोरखपुर स्थित श्री गोरखनाथ मंदिर में भगवान गुरु गोरखनाथ को खिचड़ी अर्पित की। इसके बाद उन्होंने प्रदेशवासियों को मकर संक्रांति की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सांस्कृतिक चेतना, सामाजिक सद्भाव और सूर्योपासना का यह पावन पर्व जन-कल्याण, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक उत्कर्ष का प्रतीक है। उन्होंने भगवान भास्कर से प्रार्थना की कि यह महापर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य का संचार करे।

हालांकि मकर संक्रांति का मुख्य पर्व गुरुवार को मनाया गया, लेकिन इससे एक दिन पहले बुधवार को ही गोरखनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की अपार भीड़ देखने को मिली। शिवावतार महायोगी गुरु गोरखनाथ को खिचड़ी चढ़ाने के लिए भोर से ही मंदिर परिसर से बाहर तक श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा पड़ोसी राज्य बिहार और मित्र राष्ट्र नेपाल से भी बड़ी संख्या में भक्त गोरखपुर पहुंचे।

श्रद्धालुओं ने गुरु गोरखनाथ को श्रद्धापूर्वक खिचड़ी अर्पित करने के बाद मंदिर परिसर में स्थित अन्य देवी-देवताओं का पूजन किया। इसके साथ ही ब्रह्मलीन महंत बाबा गंभीरनाथ, ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ और ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि पर माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं। परिसर में बैरिकेडिंग कर भीड़ को नियंत्रित किया जा रहा है, वहीं श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की भी व्यवस्था की गई है।

गुरुवार को भी गोरखनाथ मंदिर में खिचड़ी चढ़ाने के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिभाव और उत्साह का वातावरण बना रहा, जिससे मकर संक्रांति का पर्व आध्यात्मिक ऊर्जा और सामाजिक समरसता का संदेश देता नजर आया।

Join WhatsApp

Join Now

2 thoughts on “गोरखपुर: मकर संक्रांति पर आस्था का सैलाब, गोरखनाथ मंदिर में सीएम योगी ने चढ़ाई खिचड़ी”

Leave a Reply