बोलता सच,अयोध्या : अयोध्या में राज्य कर विभाग (जीएसटी) के डिप्टी कमिश्नर प्रशांत कुमार सिंह ने अपना इस्तीफा वापस ले लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह निर्णय उन्होंने पूरी तरह स्वेच्छा से लिया है और उन पर किसी प्रकार का कोई दबाव नहीं है।
प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि वह फिलहाल अपने कार्यालय में कार्यरत हैं और नियमित रूप से अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। उन्होंने कहा, “मैंने अपना त्यागपत्र वापस ले लिया है। यह फैसला मैंने बिना किसी दबाव के लिया है।”
उन्होंने अपने भाई विश्वजीत सिंह को लेकर भी खुलकर बयान दिया। प्रशांत कुमार सिंह के मुताबिक, विश्वजीत सिंह मुख्तार अंसारी के मऊ गैंग का सक्रिय सदस्य रह चुका है और उसका आर्थिक सलाहकार भी था। उन्होंने आरोप लगाया कि विश्वजीत सिंह के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें माता-पिता के साथ मारपीट, निजी कंपनी के ब्रांच मैनेजर को जान से मारने की धमकी और जबरन वसूली जैसे आरोप शामिल हैं।
फर्जी दिव्यांग प्रमाणपत्र के मामले पर सफाई देते हुए प्रशांत कुमार सिंह ने कहा कि वर्ष 2021 में उनके भाई ने सीएमओ मऊ को प्रार्थना पत्र देकर उनके दिव्यांग प्रमाणपत्र को फर्जी बताया था। उन्होंने कहा कि सीएमओ मऊ ने उस शिकायत पर सीधे उन्हें जांच के आदेश दे दिए, जबकि प्रमाणपत्र उसी कार्यालय से जारी किया गया था। बाद में मुख्य चिकित्सा अधिकारी अयोध्या के समक्ष यह प्रमाणपत्र सही पाया गया और सीएमओ मऊ ने भी लिखित रूप से इसकी पुष्टि की। उन्होंने सवाल उठाया कि जब प्रमाणपत्र सही है, तो उसे बार-बार फर्जी क्यों बताया जा रहा है।
गौरतलब है कि हाल ही में प्रदेश में शंकराचार्य से जुड़े विवाद के बीच इस्तीफों का दौर शुरू हुआ था। इसी क्रम में अयोध्या के जीएसटी डिप्टी कमिश्नर प्रशांत कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में अपना इस्तीफा दिया था। उन्होंने राज्यपाल को दो पन्नों का त्यागपत्र भेजते हुए कहा था कि वह प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के समर्थन में यह कदम उठा रहे हैं।
अब प्रशांत कुमार सिंह द्वारा इस्तीफा वापस लिए जाने के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
इसको भी पढ़ें : गोरखपुर में पुल के पास मिली अज्ञात महिला की नग्न लाश, सिर कुचलकर हत्या की आशंका
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































