बोलता सच,लखनऊ। हज यात्रा 2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं और इसके लिए आवेदन प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। इस बार सऊदी अरब सरकार ने हज व्यवस्था में कई अहम बदलाव किए हैं। सबसे बड़ा बदलाव यह है कि हज के दौरान मियां-बीवी को अलग-अलग कमरों में ठहराया जाएगा। वर्ष 2026 की हज यात्रा अप्रैल-मई माह में प्रस्तावित है, जिसमें उत्तर प्रदेश से 18 हजार से अधिक श्रद्धालु शामिल होंगे।
हज यात्रा को अधिक सुरक्षित और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से हज कमेटी ऑफ इंडिया ने इस बार एक नई व्यवस्था लागू की है। इसके तहत हज पर जाने वाले सभी यात्रियों को स्मार्ट बैंड पहनना अनिवार्य होगा। इसके लिए प्रत्येक यात्री से पांच हजार रुपये लिए जाएंगे।
यह स्मार्ट बैंड यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है। इसमें कॉलिंग सुविधा, एसओएस इमरजेंसी बटन, रीयल-टाइम लोकेशन ट्रैकिंग, किबला कंपास, नमाज के समय का अलर्ट और स्वास्थ्य मॉनिटरिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। स्वास्थ्य निगरानी में हृदय गति, ऑक्सीजन स्तर और पेडोमीटर जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
यह बैंड विशेष रूप से बुजुर्ग यात्रियों और उन लोगों के लिए उपयोगी होगा जिन्हें स्मार्टफोन या मोबाइल ऐप के इस्तेमाल में परेशानी होती है। हज के दौरान मक्का और मदीना में भारी भीड़ के कारण कई बार यात्री अपने समूह से बिछड़ जाते हैं या आपात स्थिति में मदद नहीं ले पाते, ऐसे में यह स्मार्ट बैंड बेहद कारगर साबित होगा।
स्मार्ट बैंड को हज सुविधा ऐप से जोड़ा जाएगा, जिससे जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के कंट्रोल रूम से यात्रियों की निगरानी की जा सकेगी। एसओएस बटन दबाते ही कंट्रोल रूम को तत्काल अलर्ट मिलेगा और सहायता दल तुरंत यात्री तक पहुंच सकेगा।
इसको भी पढ़ें : ईपीएफओ वेतन सीमा पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा निर्देश, केंद्र सरकार को 4 महीने में फैसला लेने को कहा
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































