बोलता सच,हापुड़ : हापुड़ में रिश्ते, भरोसे और कानून के टकराव की एक चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है। एसपी कार्यालय पहुंचे एक युवक ने अपनी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। युवक का कहना है कि उसने मेहनत-मजदूरी कर पत्नी को पढ़ाया-लिखाया और दरोगा बनने में हरसंभव मदद की, लेकिन नौकरी लगते ही पत्नी ने उसी और उसके परिजनों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज करा दिया।
पिलखुवा क्षेत्र के गांव पूठा हुसैनपुर निवासी गुलशन ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी पत्नी पायल रानी वर्तमान में बरेली जिले में उप निरीक्षक (दारोगा) के पद पर तैनात है। गुलशन के अनुसार, 13 नवंबर 2025 को पायल रानी ने उसके, उसके पिता नरेंद्र कुमार, मां गीता, बड़े भाई कमल, भाभी कोमल, बहन सलोनी, बहनोई रिंकू सहित अन्य के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और जान से मारने की धमकी का मुकदमा दर्ज कराया।
गुलशन ने बताया कि उसकी शादी 2 दिसंबर 2022 को हापुड़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गणेशपुरा निवासी पायल रानी से हुई थी। हालांकि, दोनों 2016 से एक-दूसरे को जानते थे और आपसी रिश्ते में थे, तथा 2021 में कोर्ट मैरिज भी कर चुके थे। युवक का आरोप है कि उसने अपनी कड़ी मेहनत से कमाए पैसों से पत्नी की पढ़ाई और पुलिस भर्ती की तैयारी कराई।
गुलशन के अनुसार, वर्ष 2023 में पायल रानी उत्तर प्रदेश पुलिस में उप निरीक्षक के रूप में भर्ती हुईं, लेकिन इसके बाद रिश्तों में खटास आ गई और अब उसे व उसके परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने की कोशिश की जा रही है।
इस पूरे मामले पर एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि पीड़ित का प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है और निष्पक्ष जांच के आदेश दे दिए गए हैं। पुलिस मामले की तथ्यों के आधार पर जांच कर आगे की कार्रवाई करेगी।
इसको भी पढ़ें : जगतगुरु रामभद्राचार्य के बयान पर विवाद, मौलाना सैफ अब्बास नकवी का तीखा पलटवार
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































