बोलता सच : कुशीनगर के पडरौना कोतवाली क्षेत्र के नाहर छपरा गांव में बिजली विभाग की लापरवाही से एक बच्चे की जान चली गई। बड़ा सेमराना टोला में गुरुवार को खुले में पड़े हाई वोल्टेज तार की चपेट में आने से 9 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई।
बनवारी मुसहर का बेटा क्रांति दोपहर 4 बजे स्कूल से लौटकर दोस्तों के साथ खेलने निकला था। घर से 200 मीटर दूर मैदान में करंट प्रवाहित हो रहा एक टूटा बिजली का तार पड़ा था। खेलते समय क्रांति इस तार के संपर्क में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। उसके साथ मौजूद कव्यांश (16) और रमेश (18) भी करंट की चपेट में आ गए। दोनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना से गांव में कोहराम मच गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को रखकर सड़क पर प्रदर्शन किया। उन्होंने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। ग्राम प्रधान रामप्रताप कुशवाहा और ग्रामीणों ने बिजली विभाग के कर्मचारियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। साथ ही मृतक परिवार को मुआवजा देने की मांग भी की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां बिजली का तार कई दिनों से जर्जर हालत में लटक रहा था। विभाग को कई बार सूचना देने के बावजूद कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा।
अगर समय रहते तार की मरम्मत कर दी जाती, तो आज क्रांति जिंदा होता। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं बिजली विभाग के प्रति ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि दोषी कर्मियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
इस संबंध मे कोतवाल रवि राय ने बताया कि परिजनों को समझाबुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
पडरौना एक्सईएन संजय कुमार सागर ने बताया की इसकी जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़े : विधायक की नाराजगी, बैठक अधूरी छोड़ बाहर निकले
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































