Breaking News

अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़: मुठभेड़ में दो तस्कर गिरफ्तार, 25 हथियार बरामद

Bolta Sach News
|
Illegal arms factory busted

बोलता सच,इटावा। जनपद में अवैध असलहा फैक्ट्री चलाने वाले दो शातिर तस्करों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पिस्टल, रिवॉल्वर समेत कुल 25 निर्मित व अर्धनिर्मित असलहे और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस लाइन सभागार में घटना का खुलासा करते हुए एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि शनिवार रात थाना बकेवर पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम को सूचना मिली थी कि ग्राम इकनौर तिराहे के आगे जंगल में कुछ अपराधी अवैध असलहे बनाने में जुटे हैं। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने जंगल में घेराबंदी की, जिस पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।

जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी घायल

पुलिस की जवाबी फायरिंग में सज्जन सिंह (46) निवासी सराय चोरी थाना भरथना के बाएं पैर में और अभिषेक (21) निवासी निवाड़ीकला थाना बकेवर के दाएं पैर में गोली लगी। दोनों को घायल अवस्था में मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए भेजा गया है। इस दौरान एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी पहचान मुकेश कुमार निवासी नगला मोढ़ादेव थाना भरथना के रूप में हुई है। उसकी तलाश जारी है।

भारी मात्रा में हथियार व उपकरण बरामद

आरोपियों के कब्जे से 14 तमंचे 315 बोर, तीन अर्धनिर्मित तमंचे, एक तमंचा 12 बोर, एक अधिया 315 बोर, एक बंदूक 12 बोर, एक देसी रिवॉल्वर, एक अर्धनिर्मित रिवॉल्वर 32 बोर, तीन अवैध पिस्टल 32 बोर, विभिन्न बोर के जिंदा कारतूस और खोखे बरामद किए गए हैं।

इसके अलावा हथियार निर्माण में प्रयुक्त बड़ी मात्रा में औजार, लोहे की नालें, कोयला, हथौड़े, रेती, प्लास, पेचकस, आरी, निहाई, फावड़ा, तसला, मोबाइल फोन और चोरी की बाइक भी बरामद की गई है।

आपराधिक इतिहास

एसएसपी के अनुसार आरोपी सज्जन सिंह के खिलाफ भरथना में दो, कासगंज के थाना पटियाली में एक और कानपुर कमिश्नरेट के थाना सेन पश्चिम में एक मुकदमा पहले से दर्ज है। वहीं आरोपी अभिषेक के खिलाफ भी चार आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है और अवैध असलहा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।


इसको भी पढ़ें : यूपी भाजपा अध्यक्ष पद के लिए पंकज चौधरी ने किया नामांकन, सीएम योगी बने प्रस्तावक

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply