Breaking News

देवरिया के एकौना गांव में रामलीला जुलूस पर हमला: छह घायल, पुलिस पर गुस्साए ग्रामीणों ने किया रोड जाम

Bolta Sach News
|
In Ekouna village of Deoria
बोलता सच ,रुद्रपुर (देवरिया)। एकौना गांव में गुरुवार की शाम रामलीला मंचन के दौरान हुए राम राज्याभिषेक उत्सव पर निकाले गए जुलूस पर अनुसूचित जाति बस्ती के कुछ युवकों ने हमला कर दिया। पत्थरबाजी में राम और लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे दो किशोरों सहित छह लोग घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और आक्रोशित ग्रामीणों ने रुद्रपुर–रकहट मार्ग पर जाम लगाकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक आनंद पांडेय, एसडीएम हरिशंकर लाल और एसपी संजीव सुमन भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए सीओ हरिराम यादव के नेतृत्व में पुलिस बल कैंप कर रहा है।
विवाद की जड़ दो दिन पुराना झगड़ा
ग्रामीणों के मुताबिक, इस हमले के पीछे मंगलवार शाम को रावण दहन के दौरान हुई कहासुनी की रंजिश है। उस समय एक युवती का फोटो खींचने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था, जो बाद में शांत हो गया था। लेकिन गुरुवार को जब श्रीराम राज्याभिषेक के अवसर पर जुलूस निकाला गया और वह अनुसूचित जाति बस्ती से होकर गुजर रहा था, तभी नाराज युवकों ने अचानक पत्थरबाजी शुरू कर दी।
छह लोग घायल, दो की हालत नाजुक
पत्थरबाजी में राम और लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे दो किशोरों सहित छह लोग घायल हो गए। घायलों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
हमले के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर दी। ग्रामीणों का कहना था कि अगर मंगलवार को हुए विवाद के बाद समय रहते कार्रवाई की जाती तो यह घटना नहीं होती। मौके पर पहुंचे अधिकारी ग्रामीणों को समझाने में जुटे रहे।
पुलिस की कार्रवाई
अपर पुलिस अधीक्षक आनंद पांडेय ने बताया कि मामले में चार आरोपियों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। घटना में लापरवाही बरतने पर थानाध्यक्ष उमेश कुमार बाजपेयी और हलका सिपाही रामबचन यादव को लाइन हाजिर कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि “घटना गंभीर है। दोनों पक्षों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।”
प्रशासन सतर्क
एसपी संजीव सुमन ने बताया कि पूरे गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों ने देर रात तक गांव में डेरा डालकर हालात की निगरानी की। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों। गांव में शुक्रवार सुबह स्थिति सामान्य थी, लेकिन पुलिस की तैनाती अब भी जारी है। अधिकारी लगातार ग्रामीणों से संवाद बनाए हुए हैं ताकि शांति व्यवस्था कायम रखी जा सके।

Join WhatsApp

Join Now

1 thought on “देवरिया के एकौना गांव में रामलीला जुलूस पर हमला: छह घायल, पुलिस पर गुस्साए ग्रामीणों ने किया रोड जाम”

Leave a Reply