बोलता सच,मिर्जापुर/चुनार: नई दिल्ली से इस्लामपुर जा रही डाउन 20802 मगध एक्सप्रेस के एक जनरल कोच में शनिवार सुबह अचानक तेज धमाका होने से अफरा-तफरी मच गई। यह घटना झिंगूरा और पहाड़ा स्टेशन के बीच हुई, जब ट्रेन मिर्जापुर से पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन की ओर जा रही थी।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10:21 बजे गार्ड बोगी से तीसरे जनरल कोच में लगे फायर एक्सटिंग्विशर का ढक्कन फट गया, जिससे तेज आवाज के साथ पूरे कोच में धुआं भर गया। धमाके और धुएं से घबराए यात्रियों में भगदड़ मच गई और कई यात्री चलती ट्रेन से कूद गए। संयोगवश अप लाइन पर उस समय कोई ट्रेन नहीं आ रही थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
चेन पुलिंग से रोकी गई ट्रेन
घटना के दौरान किसी यात्री ने चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोकने का प्रयास किया, हालांकि ट्रेन रुकने से पहले ही कुछ यात्री नीचे कूद चुके थे। कोच के भीतर मची भगदड़ में कई यात्री चोटिल हो गए।
चुनार में मिला प्राथमिक उपचार
घटना की सूचना यात्रियों ने रेलवे हेल्पलाइन 139 पर दी, लेकिन तत्काल कोई सहायता नहीं पहुंच सकी। बाद में चालक ने ट्रेन को आगे बढ़ाया और चुनार जंक्शन पर रोका गया। यहां आरपीएफ, जीआरपी, वाणिज्य विभाग और मेडिकल टीम मौके पर पहुंची। चार घायल यात्रियों को ट्रेन से उतारकर प्राथमिक उपचार दिया गया।
पीडीडीयू जंक्शन पर यात्री की हालत बिगड़ी
घटना की जानकारी पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन को भी दी गई। ट्रेन दोपहर 12:07 बजे प्लेटफार्म संख्या एक पर पहुंची, जहां पटना निवासी अर्जुन (36) अचेत अवस्था में मिला। लोको मंडलीय अस्पताल के चिकित्सक डॉ. राजीव ने जांच में पाया कि उसका ब्लड प्रेशर अत्यधिक बढ़ा हुआ था। इसके बाद उसे लोको अस्पताल में भर्ती कराया गया।
रेलवे का बयान
आरपीएफ निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत ने बताया कि मिर्जापुर के पास मगध एक्सप्रेस के फायर एक्सटिंग्विशर में तकनीकी गड़बड़ी आई थी, जिससे एक यात्री घबरा गया। उसे पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर उतारकर अस्पताल भेजा गया है। प्राथमिक जांच में किसी बड़ी साजिश की आशंका नहीं है।
ट्रेन रवाना
घटना के बाद आवश्यक जांच और उपचार के उपरांत मगध एक्सप्रेस को 12:48 बजे आगे के लिए रवाना कर दिया गया।
इसको भी पढ़ें : थाईलैंड-कंबोडिया सीमा पर युद्धविराम, ट्रंप की पहल से शुक्रवार शाम से रुके हमले
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































